आज की खबर
जिस महिला ने दुष्कर्म का केस किया, आरोपी ने जेल से बाहर आते ही उसका मर्डर किया, फिर वहीं खुदकुशी कर ली… सरेआम वारदात से बालोद में सनसनी
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में महिला का मर्डर और आरोपी की खुदकुशी से सनसनी फैली है। जिले के देवरी इलाके के फ़रदफ़ोड़ गांव में 57 साल के लखन देवांगन ने 54 साल की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता उमा की आंगनवाड़ी केंद्र में ही नृशंस हत्या कर दी। महिला ने आरोपी लखन पर पूर्व में दुष्कर्म का केस किया था। आरोपी सजा के बाद जेल में था। एक दिन पहले वह जमानत पर बाहर आया और इस वारदात को अंजाम देकर वहीं खुदकुशी भी कर ली।
पुलिस ने बताया कि आरोपी लखन शुक्रवार को आंगनबाड़ी केंद्र पहुँचा। उसने पहले केंद्र में मौजूद बच्चों और सहायिका को बाहर निकाल दिया और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। इसके बाद उसने उमा पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। महिला की मौके पर ही मृत्यु हो गई। इसके बाद आरोपी ने उसी कमरे में पंखे से लटककर खुदकुशी कर ली।
मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों से बातचीत के बाद बताया कि आरोपी लखन देवांगन हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया। कुछ अरसा पहले उमा ने उस पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप लगाया था, जिसके कारण वह जेल गया था और सजा भी हो गई थी। पुलिस
ने मौके पर पहुँचकर दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और विस्तृत जांच की जा रही है। इस घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल है।



