हाउसिंग बोर्ड के संभाग कमिश्नर और बाबू 50 हजार रु रिश्वत के साथ गिरफ्तार… ठेकेदार की शिकायत पर एसीबी ने दफ्तर में रेड कर पकड़ा
अंबिकापुर में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने छापा हाउसिंग बोर्ड के दफ्तर में छापा मारकर बोर्ड के संभागीय कमिश्नर पीसी अग्रवाल और उनके बाबू अनिल सिंह को 50 हजार रुपए की रिश्वत के साथ रंगे हाथों पकड़ा है। एसीबी ने यह कार्रवाई अंबिकापुर के गोधनपुर स्थित हाउसिंग बोर्ड संभागीय कार्यालय में की। दोनों को एसीबी ने भ्रष्टाचार निवारण कानून के तहत अरेस्ट कर लिया है।
एसीबी की ओर से जारी बयान के मुताबिक एजेंसी ने एक ठेकेदार की शिकायत के आधार पर अफसर और बाबू को ट्रैप किया। शिकायतकर्ता ठेकेदार ने एसीबी को बताया था कि निर्माण कार्य से जुड़े फाइल को आगे बढ़ाने और भुगतान में मदद के बदले रिश्वत मांगी जा रही है। प्राथमिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद एसीबी ने जाल बिछाया। जैसे ही ठेकेदार तय राशि लेकर हाउसिंग बोर्ड कार्यालय पहुंचा और पैसे सौंपे, एसीबी की टीम ने छापा मार दिया। संभागीय कमिश्नर अग्रवाल और बाबू सिंह को रिश्वत की रकम के साथ ही रंगे हाथ पकड़ लिया गया। छापे से ऑफिस में मौजूद कर्मचारियों में हड़कंप मच गया और कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई।



