विधायक बघेल की पत्नी पर हमले का रहस्य गहराया… पुलिस जांच में आपराधिक साजिश के साथ आत्मघाती प्रयास का पॉइंट भी

बस्तर से कांग्रेस विधायक लखेश्वर बघेल की पत्नी सुमित्रा बघेल की स्थिति गंभीर लेकिन स्थिर बनी हुई है। जगदलपुर के महारानी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने इस मामले में सुबह जानलेवा हमले की आशंका पर जांच शुरू की थी, लेकिन शाम होते-होते पुलिस की जांच में आपराधिक साजिश के साथ आत्मघाती कोशिश का पॉइंट भी जुड़ गया है। बस्तर पुलिस की खामोशी से इस मामले में रहस्य भी गहराने लगा है।
सुमित्रा बघेल को आज सुबह घायल अवस्था अस्पताल लाया गया था। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी दोनों कलाइयों में धारदार हथियार से गंभीर चोटें हैं और नसें कटने के कारण अत्यधिक रक्तस्राव हुआ था। इसके अलावा गले के पास भी कट्स के निशान पाए गए हैं। 51 वर्षीया सुमित्रा बघेल आईसीयू में हैं और डॉक्टरों के मुताबिक़ बात करने की स्थिति में नहीं हैं। अस्पताल लाने के बाद उन्होंने कागज पर “भतीजा” लिखा था। पुलिस ने इसी एंगल पर जांच शुरू करते हुए परिवार के लोगों से पूछताछ शुरू की। इस पूछताछ के बाद जांच में नया एंगल भी आ गया है।
विश्वस्त पुलिस सूत्रों के अनुसार परिजनों से पूछताछ में यह बात आ रही है कि सुमित्रा बघेल अपनी माता की मृत्यु के बाद पिछले कुछ दिनों से तनाव में थीं। परिजनों ने आशंका जताई कि उन्होंने अवसाद में ख़ुद को चोट पहुंचाई हो। इसलिए पुलिस ने जाँच में ख़ुद पर हमले की कोशिश का पॉइंट जोड़ा है। लेकिन हाथ और गले की चोटों की वजह से पुलिस अफ़सर यह भी मान रहे हैं कि ख़ुद से इतनी चोटें पहुँचा लेना स्वीकार्य नहीं लग रहा है। इस वक़्त तक वारदात को क़रीब 14 घंटे बीत चुके हैं। जाँच और नतीजों पर असमंजस के कारण इस घटना की पूरे बस्तर में चर्चा है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि यह आत्मघाती प्रयास था या फिर किसी ने सुनियोजित तरीके से जानलेवा हमला किया। कुछ आला पुलिस अफसरों का कहना है कि चोटों की प्रकृति, घटनास्थल की स्थिति और पीड़िता की मानसिक अवस्था, इन सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।



