ग्रे-हाउंड फोर्स के साथ तेलंगाना सीमा पर मुठभेड़, 6 माओवादी ढेर जिनमें 2 महिलाएं

छत्तीसगढ़ में मुठभेड़ में 9 माओवादियों के मारे जाने को 48 घंटे ही बीते हैं कि तेलंगाना बार्डर ग्रे-हाउंस फोर्स ने मुठभेड़ में 6 नक्सलियों को मार गिराया है। मुठभेड़ भी छत्तीसगढ़ में नहीं बल्कि सीमावर्ती भद्रादि जिले में हुई है। हालांकि मुठभेड़ स्थल छत्तीसगढ़ से ही लगा हुआ है। मिली जानकारी के मुताबिक मारे गए 6 माओवादियों में दो महिलाएं भी हैं और सभी वर्दीधारी हैं। मौके पर छत्तीसगढ़ की फोर्स भी पहुंची हुई है। अफसरों ने बताया कि ग्रेहाउंड फोर्स ने पुख्ता सूचना पर गुंडाला इलाके के जंगल में धावा बोला और माओवादियों को मार गिराया। इस आपरेशन में दो जवान भी घायल हुए हैं लेकिन उनकी हालत सामान्य है।
अविभाजित आंध्रप्रदेश के दौर में ग्रे हाउंड फोर्स ने माओवादियों का लगभग सफाया कर दिया था। यहां तक कि ग्रेहाउंड के जवान छत्तीसगढ़ में आकर भी माओवादियों को मार गिराते थे। ग्रे-हाउंड अब भी काफी एक्टिव है, हालांकि छत्तीसगढ़ में फोर्स ने माओवादियों पर दबाव काफी बढ़ा दिया है। पिछले पांच-छह महीने में डीआरजी, सीआरपीएफ, एसटीएफ ने मिलकर लगभग पौने 2 सौ माओवादियों को मार गिराया है, जिनमें कुछ कमांडर भी थे। बस्तर में दो दिन पहले मुठभेड़ में मारे गए माओवादियों में पश्चिम बस्तर डिवीजन का एक कमांडर भी था। इसके अलावा मुठभेड़ में मारी गई महिला माओवादियों में भी एक बड़े कैडर की बताई गई है।