शाहरुख की टीम केकेआर से बांग्लादेश का गेंदबाज मुस्तफिजुर बाहर… विवादों की वजह से बीसीसीआई के निर्देश, केकेआर का तुरंत अमल
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने एक बड़ा फैसला लेते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को अपने स्क्वाड से तुरंत रिलीज करने का निर्देश दिया है। इस निर्देश के तुरंत बाद शाहरुख ख़ान की टीम केकेआर ने मुस्तफिजुर को बाहर का रास्ता दिखा दिया है। बता दें के भाजपा के कई नेताओं और आनुषंगिक संगठनों के कई नेताओं ने मुस्तफिजुर को ख़रीदने के लिए शाहरुख़ ख़ान पर हमले करते हुए उन्हें देशद्रोही तक करार दिया था। हालांकि मुस्तफिजुर को आईपीएल नीलामी में रखने के कारण बीसीसीआई पर भी इस विवाद के छींटे आने लगे थे, क्योंकि आईपीएल में कौन खिलाड़ी रहेगा, प्रत्यक्ष तौर पर इसकी ज़िम्मेदारी बीसीसीआई की ही मानी जा रही थी।
बीसीसीआई के इस आदेश के बाद मुस्तफिजुर रहमान अब IPL 2026 में नहीं खेल पाएंगे। रिपोर्ट्स के अनुसार, यह फैसला हालिया विवादों और मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए लिया गया है। बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने पुष्टि की है कि बोर्ड ने केकेआर को मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज करने का आदेश दिया है।



