शराब स्कैम में आबकारी विभाग के अपर कमिश्नर सस्पेंड… ईओडबल्यू के चालान में नाम आने के बाद सरकार की कार्रवाई


छत्तीसगढ़ के चर्चित शराब स्कैम में साय सरकार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आबकारी विभाग के अपर आयुक्त आशीष श्रीवास्तव को सस्पेंड कर दिया है। आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने 14 अक्टूबर को रायपुर की विशेष अदालत में उनके खिलाफ पूरक चालान पेश किया था। इस आधार पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियमों के तहत यह कार्रवाई की गई है।
आबकारी विभाग ने आज शनिवार, 17 अक्टूबर को औपचारिक निलंबन आदेश जारी किया गया, जो 14 अक्टूबर से ही प्रभावी माना जाएगा। निलंबन की अवधि के दौरान आशीष श्रीवास्तव का मुख्यालय नवा रायपुर स्थित आबकारी आयुक्त कार्यालय तय किया गया है।
शराब घोटाले को लेकर EOW-ACB ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) से मिले प्रतिवेदन के आधार पर 17 जनवरी 2024 को एफआईआर (FIR) दर्ज की थी। इस पूरे मामले में अवैध कमीशन वसूली, सरकारी दुकानों से बिना हिसाब की देसी शराब बेचने और सिंडिकेट बनाकर बाजार में हिस्सेदारी तय करने जैसे गंभीर आरोप हैं, जिसमें कई वरिष्ठ अधिकारियों को आरोपी बनाया गया है। इससे पूर्व इसी मामले में आबकारी विभाग के अफसरों को सस्पेंड किया जा चुका है। स्कैम की अवधि के दौरान आशीष श्रीवास्तव विभाग में डिप्टी कमिश्नर थे। शुरुआती जांच में उनका नाम नहीं आया था, लेकिन ईओडब्लू ने चालान में उनका नाम जांच और तथ्यों के आधार पर शामिल किया। वैसे आशीष श्रीवास्तव विभाग में वर्षों अच्छे अफसरों में गिने जाते रहे हैं।



