समान नागरिक संहिता (UCC) पर मुस्लिम समाज की बैठक 1 सितंबर को रायपुर में… शहर काज़ी कारी इमरान मुख्य अतिथि होंगे… यूसीसी पर आएंगे लिखित सुझाव
समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर मुस्लिम समाज की बैठक 1 सितंबर को रायपुर में रखी गई है। यह जानकारी छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने दी है। बैठक 01 सितंबर, मंगलवार को रायपुर में कलेक्ट्रेट चौक के पास गुरु घासीदास ऑडिटोरियम आयोजित की जाएगी। सरकारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि इस बैठक में मुख्य अतिथि शहर काजी कारी डॉ. मोहम्मद इमरान अशरफी होंगे और अध्यक्षता वरिष्ठ अधिवक्ता फैसल रिजवी करेंगे। बैठक में समाज के गणमान्य नागरिक और कई वरिष्ठ अधिवक्ता भी मौजूद रहेंगे।
राज्य शासन ने छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता (UCC) कानून लागू करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है इसके लिए राज्य स्तरीय समिति का गठन किया गया है। इसी समिति को सुझाव देने के लिए मुस्लिम समाज की एक दिवसीय बैठक का आयोजन किया गया है। बैठक में मुस्लिम समाज के बुद्धिजीवियों द्वारा दिए गए सुझावों को एकत्रित किया जाएगा। वक़्फ़ बोर्ड से आई आधिकारिक जानकारी के अनुसार इसके लिए रायपुर की समस्त मस्जिदों में जुमा को ऐलान के माध्यम से सूचना दी गई है।
बताया गया है कि UCC के संबंध में सुझाव लिखित में अध्यक्ष, समान नागरिक संहिता समिति, छत्तीसगढ़ के नाम से संबोधित करते हुए दो प्रतियों में प्रस्तुत किए जाएंगे। मुस्लिम समाज द्वारा दिए गए सुझावों को बैठक में एकत्रित कर शाम 04:00 बजे समान नागरिक संहिता (UCC) समिति, छत्तीसगढ़ के माननीय सदस्यों के समक्ष उपस्थित होकर प्रस्तुत किया जाएगा।



