प्रकाश स्तंभ

टाटीबंध के बाद दूसरा सबसे बड़ा निर्माण… तेलीबांधा वाय-शेप फ्लाईओवर का डीपीआर दो माह में… अक्टूबर तक वर्क आर्डर, दिसंबर में काम शुरू

मौजूदा रायपुर और नवा रायपुर (थ्रू वीआईपी रोड) को जोड़ने वाला टाटीबंध के बाद राजधानी के दूसरे सबसे बड़े फ्लाईओवर की फाइल नेशनल हाईवे अथारिटी (एनएचएआई) के नई दिल्ली मुख्यालय में चल पड़ी है। शासन को बुधवार को सूचना आई है कि अगले 10 दिन में इस फ्लाईओवर के डीपीआर का टेंडर कर दिया जाएगा। डीपीआर तैयार करने के लिए अधिकतम दो माह दिए जाएंगे। इसके तुरंत बाद पुल निर्माण के लिए वर्क आर्डर हो जाएगा। यह पुल नेशनल हाईवे बनाएगा, लेकिन राज्य शासन का पीडब्लूडी महकमा इसकी पूरी निगरानी करेगा। दिसंबर में इसका निर्माण शुरू हो जाएगा। इसमें अधिकतम दो साल लग सकते हैं। अर्थात, अगले विधानसभा चुनाव से पहले इस वाय-शेप फ्लाईओवर से ट्रैफिक दौड़ने लगेगा। भले ही दो ढाई-साल लगें, लेकिन इस फ्लाईओवर के बनने के बाद तेलीबांधा चौक भी टाटीबंध चौक की तरह सुविधाजनक हो जाएगा।

राजधानी में टाटीबंध से सरोना, रायपुर, उद्योग भवन होकर तेलीबांधा को जोड़ने वाली रिंग-रोड नंबर 1 अब शहर के व्यस्त मार्गों में तब्दील हो गई और यहां ट्रैफिक तेजी से बढ़ चुका है। सीएम विष्णुदेव साय और डिप्टी सीएम अरुण साव की पहल पर केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने इस रोड पर तीन फ्लाईओवर मंजूर किए हैं। छत्तीसगढ़ के पीडब्लूडी महकमे के सर्वे में यह बात आई है कि इस रोड पर ट्रैफिक को ध्यान में रखते हुए फ्लाईओवर की सबसे पहली प्रायोरिटी तेलीबांधा है। इसके बाद उद्योग भवन और फिर सरोना फ्लाईओवर का नंबर आता है। सूत्रों के मुताबिक सरकार चाहती है कि इसी प्राथमिकता से फ्लाईओवर का काम चालू किया जाए और तीनों फ्लाईओवर 2027 के अंत तक पूरे कर लिए जाएं। सरकार नवा रायपुर में कई बड़ी सुविधाएं डेवलप करने की दिशा में आगे बढ़ चुकी है। माना जा रहा है कि दो-तीन साल में नवा रायपुर और रायपुर के बीच ट्रैफिक काफी बढ़ सकता है। इसलिए सबसे पहली जरूरत तेलीबांधा फ्लाईओवर की है। फिलहाल शहर की निर्माण गतिविधियां भी तेलीबांधा से मंदिरहसौद की ओर तथा वीआईपी रोड पर चल रही हैं। वहां 18 माले तक के रिहायशी और कामर्शियल निर्माण हो रहे हैं। कई पूरे होने को हैं और कई दो-तीन साल में पूरे हो जाएंगे। इनसे सेरीखेड़ी से तेलीबांधा तक ट्रैफिक और बढ़ जाएगा। इसीलिए सरकार पूरा जोर लगाए हुए है कि तेलीबांधा वाय-शेप फ्लाईओवर का काम पहले शुरू किया जाए और दो-ढाई साल में पूरा कर लिया जाए।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button