विधानसभा में राजेश मूणत ने क्यों कहा- दरी मुझे खरीदकर देनी पड़ी… मंत्री ने स्कूलों में 31 मार्च तक सुधार का भरोसा दिलाया
छत्तीसगढ़ विधानसभा में आज रायपुर पश्चिम के वरिष्ठ भाजपा सदस्य राजेश मूणत का दर्द छलका। उन्होंने स्कूलों की जर्जर हालत का मुद्दा उठाते हुए इस स्थिति पर नाराज़गी जाहिर की। राजेश मूणत ने कहा कि युक्तियुक्करण के बाद भी स्कूलों की स्थिति बेहद खराब है और अधिकारी बिल्कुल ध्यान नहीं दे रहे हैं। मूणत ने सदन में यह खुलासा भी कर दिया कि उन्हें खुद अपने स्तर पर स्कूलों के लिए दरी खरीदकर देनी पड़ी हैं, ताकि कम से कम बच्चे बैठ सकें।
राजेश मूणत ने आरोप लगाया कि बार-बार शिकायत करने के बाद भी शिक्षा विभाग के अधिकारी स्कूलों में जमीनी हकीकत जांचने नहीं पहुंचते हैं। इस पर शिक्षा मंत्री ने जवाब में कहा कि 31 मार्च तक प्रदेश के सभी स्कूलों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। बता दें कि विधानसभा के बजट सत्र के दौरान बुधवार को शिक्षकों के युक्तियुक्करण और जर्जर भवनों का मुद्दा गूंजा। खास बात यह रही कि शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव को सत्तापक्ष के विधायकों ने भी जमकर घेरा।


