अस्पतालों को कार्रवाई का डर दिखाकर कौन कर रहा ब्लैकमेल… हेल्थ सेक्रेटरी IAS कटारिया ने पुलिस कमिश्नर डा. शुक्ला को लिखा पत्र, यहां देखें
छत्तीसगढ़ के प्राइवेट अस्पतालों में कुछ-कुछ कमियां बताकर ब्लैकमेलिंग की कोशिश की एक गंभीर शिकायत हुई है। हेल्थ सेक्रेटरी आईएएस अमित कटारिया ने खुद रायपुर के पुलिस कमिश्नर डा. संजीव शुक्ला को पत्र लिखकर इस मामले में कार्रवाई की मांग की है। पत्र में हेल्थ सेक्रेटरी ने लिखा है कि यह व्यक्ति उनके कार्यालय में पदस्थ होने की जानकारी देकर कम से कम तीन अस्पतालों को फोन कल ब्लैकमेल की कोशिश कर चुका है। रायपुर पुलिस कमिश्नर डा. शुक्ला ने पत्र मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि जिन दो-तीन मामलों का उल्लेख है, वह दुर्ग जिले के हैं। दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल को इस मामले में कार्रवाई के लिए चिट्ठी भेज दी गई है। कमिश्नर ने कहा कि फिलहाल रायपुर के किसी प्राइवेट अस्पताल से इस तरह की ब्लैकमेलिंग की शिकायत नहीं आई है। अगर आएगी, तो इस मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

स्वास्थ्य सचिव कटारिया की पुलिस कमिश्नर को लिखी गई यह चिट्ठी सोशल मीडिया तक पहुंची है। इस चिट्ठी के मुताबिक चरौदा के एएम हास्पिटल के डायरेक्टर डा. मनोज पोपटानी, दुर्ग के गंगोत्री हास्पिटल के संचालक डा. ओमप्रकाश कराड़े, भिलाई के एसआर हास्पिटल, और बिलासपुर के आरबी अस्पताल तथा हाईटेक अस्पताल की ओर से विभाग को इस तरह की शिकायत मिली है। चिट्ठी के मुताबिक इन अस्पतालों में किसी अजय नाम के व्यक्ति का फोन गया और उसके संचालकों को यह कहकर मंत्रालय बुलवाया कि वह सचिव का स्टाफ है। मंत्रालय के बाहर पास बनवाए बिना उसने डाक्टरों का गेट पर इंतजार करवाया और बाद में कह दिया कि वह भीतर अफसरों से इसी सिलसिले में बातचीत में व्यस्त था। पत्र में हेल्थ सेक्रेटरी कटारिया ने कहा कि उनके विभाग ने इस नाम का कोई स्टाफ नहीं है। उन्होंने पुलिस कमिश्नर से इस मामले में एफआईआर करके कड़ी कार्रवाई के लिए कहा है। बहरहाल, अस्पतालों की ओर से की गई शिकायतें सही हैं या नहीं, पुलिस की जांच में ही इसका खुलासा हो सकता है।



