भारत सेमीफाइनल में, वेस्टइंडीज़ बाहर… अब इंग्लैंड के ख़िलाफ़ 5 मार्च को मुंबई में मुक़ाबला
भारतीय क्रिकेट टीम ने T20 विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। रविवार, 1 मार्च को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए सुपर 8 के एक महत्वपूर्ण मुकाबले में भारत ने वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराकर अंतिम चार में अपनी जगह पक्की की। भारत का मुकाबला अब सेमीफाइनल में इंग्लैंड से होगा। सेमीफाइनल मैच 5 मार्च गुरुवार को शाम 7:00 बजे वानखेड़े स्टेडियम, मुंबई में खेला जाएगा।
वेस्टइंडीज के खिलाफ वर्चुअल नॉकआउट मैच में संजू सैमसन ने 50 गेंदों में नाबाद 97 रन बनाकर भारत को जीत दिलाई, जिसके लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। वेस्टइंडीज़ ने पहले बैटिंग करते हुए भारत को 195 रनों का टारगेट दिया था। भारत ने रिकॉर्डतोड़ रन चेस करते हुए चार गेंद पहले ही मैच ख़त्म कर दिया। बता दें कि भारत ने अपने ग्रुप में 3 मैचों में से 2 जीतकर (वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे के खिलाफ) 4 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहते हुए क्वालीफाई किया। दक्षिण अफ्रीका ग्रुप में शीर्ष पर रहा।



