धमतरी के दो लोगों का पिस्टल से डराकर अपहरण… करबला तालाब के पास झोपड़ी में रखकर मारपीट… दोनों रेस्क्यू, 6 गिरफ्तार

धमतरी के दो लोगों का रायपुर के गैंग ने 2 लाख रुपए की वसूली के लिए कट्टे की नोंक पर अपहरण कर लिया। दोनों को छह दिन तक करबला तालाब के पास एक झोपड़ी में बंद रखकर यातनाएं दी गईं। भनक लगने पर पुलिस ने झोपड़ी को घेरा और धमतरी के जीवन यदु तथा राकेश शर्मा को सकुशल मुक्त करवा लिया। जांच के बाद पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी कर छह युवकों को गिरफ्तार कर लिया। अपहर्ताओं के नाम हरिओम सोनकर रामकुण्ड, कामरान अब्बास हाण्डीपारा, नवीन उर्फ नन्नू ढीमर रामकुण्ड, लक्की निषाद उर्फ छोटा चिकन रामकुण्ड, राकेश धीवर रामकुण्ड खाटू और अनिल धीवर रामकुण्ड बताए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों से दो देसी पिस्टल, दो कारतूस और छह मोबाइल फोन जब्त किए हैं। अफसरों ने बताया कि आरोपियों में हरिओम सोनकर के खिलाफ पूर्व में 14 मामले दर्ज हैं, बाकी युवक भी अलग-अलग मामलों में पूर्व में जेल जा चुके हैं।
एडिशनल डीसीपी राहुल देव शर्मा एवं एसीपी इशु अग्रवाल ने बताया कि पुलिस को करबला तालाब के पास एक झोपड़ी में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। इस सूचना पर झोपड़ी में रेड की गई, तो पुलिस खुद अवाक रह गई। वहां जीवन यदु एवं राकेश शर्मा को बांधकर रखा गया था। दोनों को पुलिस ने रेस्क्यू किया और फिर जांच शुरू कर दी। पूछताछ में खुलासा हुआ कि 2 लाख रुपये के लेनदेन के लिए आरोपियों ने दोनों को पिस्टल दिखाकर उठाया और बंधक बना लिया। दोनों को छह दिन तक रखा गया, इस दौरान जमीन के दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराए गए। यही नहीं, दोनों से नगद, बैंक दस्तावेज, मोबाइल फोन एवं बाइक लूट ली गईं। अफसरों ने आशंका जताया कि पुलिस ने वक्त पर एक बड़ी आपराधिक साजिश नाकाम की है।



