राजिम से लगे फिंगेश्वर के गांव में दो गुट भिड़े… आपराधिक तत्वों के विवाद के बाद घर, गाड़ियाँ फूंकी गईं… हालात अभी काबू में, भारी फोर्स तैनात
गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर इलाके के दुधकैयां (बकली) गांव में दो समुदायों के बीच पुराना विवाद हिंसक रूप ले चुका है। झड़प के दौरान आक्रोशित भीड़ ने घरों और 3-4 वाहनों में आग लगा दी। गांव में स्थिति गंभीर होने के कारण उसे छावनी में तब्दील कर दिया गया है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। मौके पर भारी संख्या में सुरक्षा बल तैनात किया गया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक विवाद की शुरुआत तब हुई, जब एक गुट के कुछ आपराधिक तत्वों ने दूसरे संप्रदाय के लोगों से मारपीट की। इस हमले में कई लोगों के घायल होने की सूचना है। मारपीट की खबर जैसे ही दूसरे गुट तक पहुंची, लोगों में आक्रोश फैल गया। इसके बाद गुस्साई भीड़ ने कथित तौर पर मारपीट में शामिल लोगों के घरों को निशाना बनाना शुरू कर दिया। कई घरों में आग लगा दी गई और सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों को भी फूंका गया। कुछ ही देर में पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई।आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा। इससे आसपास के गांवों में भी दहशत फैली। कुछ देर में राजिम और फिंगेश्वर सहित आसपास के कई थानों से फोर्स दुधकैयां गांव भेजी गई। मौके पर आला पुलिस अधिकारी पहुंचे हैं। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने सख्ती भी बरती है। पूरे इलाके में फोर्स तैनात कर दी गई। फिलहाल गांव में तनाव है और पुलिस नजर बनाए हुए है



