प्रदेश के अनियमित कर्मचारियों का रविवार को तूता में जंगी प्रदर्शन… राज्यभर से हजारों जुटेंगे और आंदोलन के जरिए करेंगे शंखनाद

छत्तीसगढ़ के हजारों अनियमित कर्मचारियों ने अब नियमित करने तथा अन्य मांगों को लेकर मोर्चा खोल दिया है। प्रदेशभर के अनियमित कर्मचारी 13 अप्रैल यानी रविवार को नया रायपुर के तूता स्थित आंदोलन स्थल पर जुटने जा रहे हैं। उनके प्रदर्शन को ध्यान में रखते हुए वहां सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। अनियमिति कर्मचारी संघ के अध्यक्ष गोपाल साहू, कार्यकारी अध्यक्ष प्रेमप्रकाश गजेंद्र, राजेश शुक्ला, उपाध्यक्ष युगल साहू, प्रदेश सचिव अरुण वैष्णव और सहसचिव आशीष तनेजा ने राज्यभर के अनियमित कर्मचारियों तथा इनसे जुड़े संगठनों से इस प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है। प्रदर्शन के लिए अनियमित कर्मचारियों के नया रायपुर पहुंचने का सिलसिला रविवार को सुबह से ही शुरू हो जाएगा।
छत्तीसगढ़ प्रगतिशील अनियमित कर्मचारी फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष गोपाल साहू ने एक ज्ञापन में बताया कि छत्तीसगढ़ के बजट में सरकार की ओर से अनियमित कर्मचारियों को नियमित करने के मामले में किसी तरह की घोषणा नहीं की गई थी। इसीलिए फरवरी में ही फेडरेशन ने इस जंगी प्रदर्शन की रूपरेखा तैयार कर ली थी। फेडरेशन ने पांच सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन का रास्ता अपनाया है। इनमें अनियमित कर्मचारियों के नियमितीकरण तथा स्थायीकरण, निकाले गए अनियमित कर्मचारियों की बहाली, अनियमित कर्मचारियों के लिए न्यूनतम मानदेय पालिसी, अंशकालीन कर्मचारियों को पूर्णकालीन करने तथा आउटसोर्सिंग के माध्यम से कर्मचारियों का नियोजन सिस्टम बंद करने जैसी मांगें शामिल हैं। प्रदेश अध्यक्ष साहू ने दावा किया कि तूता में रविवार को होने वाले प्रदर्शन में अनियमित कर्मचारियों से जुड़े प्रदेशभर के 10 संगठनों के 10 हजार से ज्यादा कर्मचारियों के शामिल होने की संभावना है।