बिलासपुर हाईकोर्ट की उड़ाने की धमकी… ऑफिशियल मेल पर आया मैसेज… परिसर खाली कराया, पुलिस हाईअलर्ट पर
छत्तीसगढ़ के कई जिलों में कचहरियों को बम से उड़ाने की धमकी मिल रही हैं और सब अफ़वाह साबित हो रही हैं, लेकिन पहली बार बिलासपुर हाईकोर्ट को उड़ाने की धमकी आ गई। इस धमकी से हाईकोर्ट परिसर ही नहीं बल्कि पूरे जिले के सुरक्षा अमले में खलबली मच गई। धमकी मिलने के तुरंत बाद बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीम हाईकोर्ट परिसर पहुँच गई है। कोर्ट रूम से लेकर पार्किंग एरिया और परिसर के हर कोने की बारीकी से जांच की जा रही है। फोर्स तैनात की गई है और निगरानी बढ़ा दी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार धमकी भरा संदेश हाईकोर्ट की आधिकारिक ईमेल आईडी पर आया है। पुलिस की साइबर टीम ईमेल के स्रोत, आईपी एड्रेस और डिजिटल ट्रेल की जांच कर रही है ताकि भेजने वाले का पता लगाया जा सके। अब तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है, फिर भी एहतियात बरती जा रही है।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में न्यायालयों को धमकी मिलने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी प्रदेश के कई जिलों में जिला न्यायालयों को इसी तरह के धमकी भरे संदेश मिल चुके हैं। हालांकि, पिछले मामलों में सघन जांच के बाद बम की खबर महज अफवाह साबित हुई थी, लेकिन बिलासपुर हाईकोर्ट की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस कोई भी जोखिम नहीं लेना चाहती।



