The Stambh Exclusive : वीआईपी रोड पर जाम से बड़ी राहत… फुंडहर चौक पर 56 करोड़ का फ्लाईओवर, वित्त विभाग से पैसे मंजूर… सालभर में बनेगा पुल, टेंडर आज-कल में

राजधानी रायपुर के उन लाखों लोगों के लिए यह अहम खबर है, जिन्हें एयरपोर्ट, मंत्रालय से लेकर नया रायपुर तक रोजाना या आए दिन आना-जाना होता है और वे सुबह-शाम फुंडहर चौक पर थकाने वाले जाम में फंसते हैं। फुंडहर चौक पर 840 मीटर का बड़ा फ्लाईओवर बनाने के लिए राज्य सरकार के वित्त विभाग ने पैसे मंजूर कर दिए हैं। सीएम विष्णुदेव साय की पहल के बाद डिप्टी सीएम अरुण साव ने यह मंजूरी दिलवाई है। मंजूरी की सूचना पीडब्लूडी महकमे को दे दी गई है और टेंडर की तैयारी शुरू हो गई है। पीडब्लूडी सचिव डा. कमलप्रीत सिंह ने वित्तीय मंजूरी की पुष्टि करते हुए कहा कि टेंडर वगैरह की प्रक्रिया पूरी करके निर्माण कार्य बहुत जल्दी शुरू हो जाएगा। यह फ्लाईओवर सिंगल पिलर सिस्टम वाला रहेगा।

वीआईपी रोड के फुंडहर चौक पर फ्लाईओवर के लिए वित्त विभाग ने इसी 16 मार्च को प्रशासकीय स्वीकृति दी है। द स्तम्भ के पास इस फ्लाईओवर के पूरे तकनीकी डीटेल्स उपलब्ध हैं। इनके अनुसार पुल का फुंडहर चौक के ऊपर का हिस्सा 144 मीटर का होगा, जिसमें 36 मीटर के चार स्पान रहेंगे। फ्लाईओवर 12 मीटर चौड़ा तथा वन-वे रहेगा। यह पूरा वीआईपी रोड के ऊपर ही चलेगा। फुंडहर चौक पर वीआईपी रोड की सर्विस सेन के अलावा मेन रोड का हिस्सा भी एक साथ काम आ सकेगा। आईएएस डा. कमलप्रीत ने बताया कि इस पुल की प्रशासकीय स्वीकृति 5607.35 लाख रुपए की आई है। औपचारिकताएं दो महीने में पूरी कर ली जाएंगी और इसी साल के फर्स्ट हाफ में ही काम शुरू हो जाने की उम्मीद है, ताकि इसे अगले साल सेकंड हाफ तक पूरा कर ट्रैफिक गुजारा जा सके।



