The Stambh Breaking : छत्तीसगढ़ भाजपा अध्यक्ष किरण देव अभी नहीं बदले जाएंगे… कार्यकारी नियुक्ति हुई भी तो पॉवर अध्यक्ष के स्वस्थ होने तक ही
छत्तीसगढ़ में भाजपा के अध्यक्ष किरण सिंह देव को अभी नहीं बदला जाएगा और वे अपने पद पर बने रहेंगे। रायपुर से दिल्ली तक लगाई जा रही अटकलों के बीच, उच्च स्तर से साफ़ संकेत मिले हैं कि अभी ऐसी कोई योजना नहीं है और संगठन में उच्च स्तर पर इस बदलाव को लेकर कोई बात ही नहीं हुई है। अध्यक्ष किरण देव सड़क हादसे में घायल होने की वजह से दिल्ली के एक निजी अस्पताल में स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं और अधिकतम दो माह में वे फिर राजनीति में सक्रिय हो जाएंगे। सूत्रों ने कहा कि तब तक उन्हें हटाकर नया अध्यक्ष नियुक्त करने का प्रश्न ही नहीं है और जारी अटकलें केवल अफवाहें ही हैं।
पिछले दो दिन से रायपुर में यह अटकलें भी लगाई जा रही हैं कि प्रदेश स्तर पर कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया जा सकता है। इस पद के लिए सांसद से केंद्रीय मंत्री तक के नाम भी चर्चा में हैं और उनमें से कुछ का दिल्ली बुलावा भी हुआ है। इस मुद्दे पर यही संकेत मिल रहे हैं के अध्यक्ष किरण देव की अस्वस्थता के कारण अस्थायी तौर पर कार्यकारी अध्यक्ष की नियुक्ति हो सकती है, लेकिन यह प्रदेश अध्यक्ष के स्वस्थ होकर फील्ड पर लौटने तक के लिए ही होगी। हालांकि इस बारे में भी उच्च स्तर से यही बात आ रही है कि इस मुद्दे पर भी संगठन में विचार की प्रक्रिया अभी शुरू नहीं हुई। पार्टी सूत्रों का मानना है कि अभी छत्तीसगढ़ में पार्टी संगठन बहुत बैलेंस है और सत्ता के साथ संगठन का बेहतर समन्वय भी बना हुआ है।



