ढाबे में कुत्ते को खाना देने का झगड़ा ऐसा बढ़ा कि युवक की हत्या… पिटाई से मौके पर ही मौत
राजधानी रायपुर के एक ढाबे में बैठे युवकों के बीच कुत्ते को खाना खिलाने का झगड़ा इस बुरी तरह बढ़ा कि एक युवक की हत्या कर दी गई। वारदात रायपुर आउटर के ढाबे में मंगलवार को तड़के हुई। यह ढाबा धरसीवा थाने में आता है।
पुलिस ने मृतक का नाम अनूपपुर निवासी शिव प्रसाद ध्रुव बताया है। पुलिस के मुताबिक ढाबा में काम करने वाले कुक और उसके एक साथी ने शिव प्रसाद से मारपीट की। इस दौरान सीने में गंभीर चोट लगी, जिससे वह मौके पर ही बेहोश हो गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने शिव प्रसाद को तुरंत पास के अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही धरसींवा पुलिस अस्पताल पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मामले में कुक और उसके साथी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद मामूली कहासुनी से शुरू हुआ था, लेकिन मारपीट के दौरान सीने पर लगी चोट जानलेवा साबित हुई।



