केंद्र सरकार छत्तीसगढ़ से 8 लाख टन ज्यादा धान खरीदेगी… अर्थात इस अतिरिक्त धान के बदले में भी केंद्र से पैसे… सीएम साय ने पीएम-खाद्यमंत्री का जताया आभार

केंद्र सरकार छत्तीसगढ़ से 70 लाख टन धान खरीदने वाली थी, लेकिन अब इसे 8 लाख टन बढ़ाकर 78 लाख टन कर दिया गया है। राज्य सरकार धान खरीदी के एवज में किसानों को जो पैसे देती है, उसमें अब 78 लाख टन धान केंद्र सरकार ले लेगी, अर्थात 8 लाख टन अधिक के पैसे भी मिलेंगे और धान की बर्बादी भी नहीं होगी। सीएम विष्णुदेव साय ने केंद्र सरकार के इस फैसले को ऐतिहासिक करार दिया है। सोशल मीडिया हैंडल पर की गई पोस्ट में सीएम साय ने इसके लिए पीएम नरेंद्र मोदी और खाद्यमंत्री प्रहलाद जोशी का आभार जताया और कहा कि यह किसानों के लिए समर्पित डबल इंजन सरकार का ऐतिहासिक फैसला है।
सीएम साय ने अपनी पोस्ट में लिखा कि केंद्र सरकार द्वारा 8 लाख टन अतिरिक्त धान खरीदने की स्वीकृति हमारे किसानों के परिश्रम को मान्यता देने वाला कदम है। यह न केवल उनकी आय में वृद्धि करेगा, बल्कि छत्तीसगढ़ की कृषि अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लगातार किसानों के हित में काम कर रही है। केंद्र सरकार से समन्वय करते हुए उनके लिए हरसंभव सुविधा सुनिश्चित कर रही है। राज्य के धान उत्पादक किसानों को बेहतर मूल्य, समय पर भुगतान और सुगम खरीदी प्रक्रिया के लिए ठोस रणनीति बनाई जा रही है। धान खरीदी सीमा में यह वृद्धि प्रदेश के किसानों के लिए आत्मविश्वास बढ़ाने वाली है। यह उनके परिश्रम और उत्पादन क्षमता में केंद्र की आस्था का संकेत है।