आज की खबर
विधानसभा के 23 फ़रवरी से शुरू हुए बजट सत्र का आज 20 मार्च को समापन… 15 बैठकें हुईं, बजट के अलावा आए अहम विधेयक

छत्तीसगढ़ विधानसभा के 23 फरवरी 2026 से शुरू हुए बजट सत्र का आज 20 मार्च को समापन हो गया। बजट सत्र के दौरान कुल 15 बैठकें हुईं। सत्र शुरू होने के अगले ही दिन यानी 24 फरवरी को छत्तीसगढ़ का 1.72 लाख करोड़ का वार्षिक बजट पेश किया गया। वहीं, समापन के एक दिन पहले महत्वपूर्ण धर्म स्वातंत्र्य विधेयक भी पारित किया गया। अब विधानसभा का अगला यानी मानसून सत्र जुलाई के तीसरे हफ़्ते में संभावित है।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने बजट सत्र की शुरुआत तो की, लेकिन बजट पेश होने के अगले ही दिन वे स्वास्थ्य कारणों से अवकाश पर चले गए और कार्रवाई का संचालन सीनियर विधायकों ने किया।
इस सत्र में सरकार ने कुछ अहम विधेयक पेश किए। धर्म स्वातंत्र्य विधेयक सबसे महत्वपूर्ण रहा। इसे 19 मार्च को पारित किया गया. इसके तहत अवैध धर्मांतरण के दोषियों को 7 से 10 साल की जेल और कम से कम ₹5 लाख जुर्माना का प्रावधान है। इसी तरह सत्र के अंतिम दिन (20 मार्च) को छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन आयोग के गठन से जुड़े विधेयक पर चर्चा हुई। सदन में पुरानी पेंशन योजना (OPS) और नई पेंशन योजना (NPS) पर भी बहस हुई। सरकार ने बताया कि लगभग 2 लाख कर्मचारियों ने OPS को अपनाया है।



