आज की खबर

गैस का पर्याप्त स्टॉक, आशंका कालाबाजारी की… पूरे प्रदेश में छापे, रायपुर में 392 और बिलासपुर में 130 सिलेंडर जब्त

छत्तीसगढ़ में रसोई गैस का स्टॉक पर्याप्त है और अफसरों को आशंका है कि संकट कालाबाजारी के लिए पैदा किया गया है। कालाबाजारी रोकने के लिए प्रशासन ने छापेमारी शुरू की तो आश्चर्यजनक नतीजे आए हैं। खाद्य विभाग तथा जिला प्रशासन की टीमों ने 102 जगह जांच की है। इसमें 741 गैस सिलेण्डर जब्त किए जा चुके हैं। राज्य में सर्वाधिक 392 घरेलू एलपीजी सिलेण्डर रायपुर जिले में जब्त किये गये हैं। इसके पश्चात बिलासपुर जिले में 130 घरेलू एलपीजी सिलेण्डर जब्त किये गये है। ज़्यादातर छोटे होटल और ठेले घरेलू सिलेंडर उगल रहे हैं, जबकि उन्हें व्यवसायिक नीले सिलेंडर का उपयोग करना है।

अफ़सरों ने बताया कि प्रदेश के 5 बाटलिंग प्लांट से सभी जिलों के कुल 540 एलपीजी वितरकों को रिफिल सिलेण्डर नियमित रूप से प्रदाय किया जा रहा है। राज्य में पेट्रोल एवं डीजल का भी पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, जिन्हें 2,465 पेट्रोल-डीजल पंप के माध्यम से उपभोक्ताओं को प्रदाय किया जा रहा है। राज्य शासन ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में घरेलू एलपीजी, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा इनकी उपलब्धता और वितरण की लगातार निगरानी की जा रही है। मुख्य सचिव ने खाद्य सचिव तथा ऑयल कंपनियों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इसके बाद 13 मार्च को संचालक खाद्य विभाग की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय नियंत्रण एवं मॉनिटरिंग समिति का गठन किया गया है।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button