आज की खबर

370 नई चकाचक एम्बुलेंस उतरीं छत्तीसगढ़ में, पहली बार शिशुओं के लिए भी… 108 पर फ़ोन जाते ही शहर में 15 मिनट, गांव में 30 मिनट में पहुंचेंगी

छत्तीसगढ़ के लिए अहम खबर ये है कि इमरजेंसी के लिए चलाई जा रही 108 एंबुलेंस का पूरा सिस्टम नया हो गया है। ऐसा पहली बार हुआ है, जब एक साथ 370 एंबुलेंस हर जिले में सड़कों पर उतारी गई हैं। बताया गया है कि 108 पर काल करने के बाद शहर में ये एंबुलेंस 15 मिनट में तथा गांवों में 30 मिनट में मौके पर पहुंच जाएंगी। इन एंबुलेंस को 31 मार्च को सीएम विष्णुदेव साय ने हरी झंडी दिखाई है। उन्होंने यह भी बताया कि नई एंबुलेंस में 300 बेसिक लाइफ सपोर्ट तथा 70 एडवांस लाइफ सपोर्ट के साथ 5 नियोनेटल एडवांस लाइफ सपोर्ट यानी नवजात शिशुओं के लिए एंबुलेंस चलाई गई हैं, जो किसी ‘चलते-फिरते ICU’ से कम नहीं हैं। सीएम साय ने कहा कि इससे प्रदेश की लाइफलाइन सशक्त हुई है।

इस तरह, 108 एम्बुलेंस की तमाम एडवांस सेवाएं तत्काल प्रभाव से प्रदेश में प्रारंभ हो गई हैं। इनसे इमरजेंसी में नागरिकों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सहायता मिलेगी। साथ ही, प्रदेश में 5 नियोनेटल एम्बुलेंसों की शुरुआत की गई है, जो नवजात शिशुओं की आपातकालीन देखभाल के क्षेत्र में एक मील का पत्थर साबित होंगी। यह सेवा राज्य की नवजात सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है तथा गंभीर स्थिति में नवजात शिशुओं को सुरक्षित रूप से उच्च स्तरीय उपचार केंद्रों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

सीएम साय ने कहा कि हमारी सरकार का लक्ष्य है कि शहरी क्षेत्रों में 15 मिनट और ग्रामीण क्षेत्रों में 30 मिनट के भीतर एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध कराई जाए, ताकि हर जरूरतमंद मरीज तक समय पर स्वास्थ्य सहायता पहुंच सके। उन्होंने कहा कि 108 एम्बुलेंस सेवा का यह विस्तार आम जनता के विश्वास को और सशक्त करेगा कि संकट की घड़ी में सरकार पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ उनके साथ खड़ी है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं के लिहाज से आज का दिन राज्य के लिए ऐतिहासिक है और इससे लाखों लोगों को त्वरित चिकित्सा लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ देश का दूसरा राज्य बन गया है, जहां नियोनेटल एम्बुलेंस सेवा शुरू की गई है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button