स्पीकर डॉ रमन कोयंबटूर गए, आज सर्जरी… विधानसभा की ज़िम्मेदारी कौशिक-धर्मजीत को
छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और मौजूदा विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह तमिलनाडु में कोयंबटूर चले गए हैं। आज मंगलवार को वहां उनकी कमर की हड्डी की मेजर सर्जरी है। उनका कमर का इलाज काफ़ी अरसे से वहीं चल रहा है। अपनी अनुपस्थिति में उन्होंने विधानसभा संचालन की ज़िम्मेदारी सीनियर सदस्यों धरमलाल कौशिक और धर्मजीत सिंह को सौंपी है।
विधानसभा सत्र के दौरान डॉ. रमन सिंह की गैरमौजूदगी में सदन की गरिमा और कार्यप्रणाली को बनाए रखने के लिए कौशिक और धर्मजीत ही मुख्य भूमिका निभाएंगे। ये दोनों अनुभवी नेता सदन में प्रश्नकाल और ध्यानाकर्षण सूचनाओं का संचालन सुनिश्चित करेंगे। इनकी सहायता के लिए एक सभापति तालिका (Panel of Chairmen) का भी गठन किया गया है। यह तालिका समय-समय पर विधानसभा की कार्यवाही के दौरान उपरोक्त दोनों नेताओं को सहयोग प्रदान करेगी, ताकि विधायी कार्य सुचारू रूप से पूरे किए जा सकें।



