उरला-खमतराई में कबाड़ियों के यार्ड पर सीरियल छापे… 11 लाख का माल जब्त, 6 के खिलाफ केस कई फरार … छापेमारी जारी रहेगी- डीसीपी गुर्जर

पुलिस कमिश्नरेट नार्थ जोन ने पिछले 48 घंटे में उरला और खमतराई इलाके के कई कबाड़ियो व यार्ड संचालकों पर छापामारी की है। इन यार्ड्स से करीबन 11 लाख रुपए कीमत का लोहे का कबाड़ काटने वाली गाड़ियां जब्त की गई हैं। छापों में पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने व बेचते पाए जाने पर 6 आरोपियों के ख़िलाफ़ केस रजिस्टर्ड करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार का जेल भेज दिया है। फरार दो आरोपियों समेत कई लोगों की तलाश की जा रही है। नार्थ जोन के डीसीपी आईपीएस मयंक गुर्जर ने सभी कबाड़ियों व यार्ड संचालकों को चोरी का माल नहीं खरीदने पर चेतावनी दी और कहा कि छापेमारी जारी रहेगी।
पुलिस ने बताया कि थाना खमतराई क्षेत्र में कबाड़ी रूपेश सिंह, राजू सिंह तथा उमाशंकर गुप्ता के यार्ड में रेड की गई और बड़ी ज़ब्ती की गई है। उरला इलाके के गाजी नगर बीरगांव स्थित तारकेश्वर सिंह उर्फ तारू के कबाड़ी दुकान में रेड करते हुए माल जब्त किया गया है। मेटल पार्क स्थित रमन शाह की कबाड़ी दुकान पर भी छापेमारी कर माल पकड़ा गया है। इसी तरह सरोरा स्थित संतोष साव के यार्ड में रेड कर सामान जब्त किया गया है। इन मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरूद्ध धारा 106 बी.एन.एस.एस तथा 35(1)ई बी.एन.एस.एस./303 बी.एन.एस. के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।



