संविधान दिवस पर बाबा साहेब को नमन… रायपुर के कार्यक्रम में शामिल हुए सीएम साय… प्रदर्शनी लगी, शॉर्ट फ़िल्म भी दिखाई गई

75वें संविधान दिवस पर 26 नवंबर को राजधानी रायपुर के टाउनहॉल में “हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान” कार्यक्रम में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया। इस कार्यक्रम में सीएम विष्णुदेव साय भी शामिल हुए और आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने संविधान पर आधारित लघु फिल्म भी देखी और जनप्रतिनिधियों के साथ इस अवसर को यादगार बनाने के लिए सेल्फी ली। इससे पहले, सीएम ने बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
सीएम साय ने कहा कि विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र भारत सदैव संविधान में आस्था रखते हुए आगे बढ़ रहा है। संविधान प्रत्येक नागरिक को स्वतंत्रता के साथ अपनी बात रखने का अधिकार देता है और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता सुनिश्चित करता है। विधायक और सांसद जैसे पदों पर आम नागरिकों का पहुँचना संविधान की ही उदार, समावेशी और लोकतांत्रिक व्यवस्था का परिणाम है।
मुख्यमंत्री ने संविधान निर्मात्री सभा में देश के सभी क्षेत्रों के प्रतिनिधियों के संविधान निर्माण अमूल्य योगदान दिया को स्मरण किया। इस अवसर पर विधायक राजेश मूणत और सुनील सोनी तथा संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।



