आज की खबर
रूसी प्रेसिडेंट पुतिन नई दिल्ली पहुंचे… एयरपोर्ट पर ख़ुद पीएम मोदी ने किया स्वागत… दोनों ने गले मिलकर दिया बड़ा संदेश
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन 2 दिवसीय भारत दौरे पर आज, गुरुवार शाम दिल्ली पहुंच गए। पीएम नरेंद्र मोदी ने पुतिन को ख़ुद एयरपोर्ट जाकर रिसीव किया और दोनों नेता आपस में गले मिले। एयरपोर्ट पर पुतिन का रेड कारपेट बिछाकर भव्य स्वागत किया गया। दिल्ली में जगह-जगह पीएम मोदी के साथ राष्ट्रपति पुतिन के बैनर पोस्टर्स और होर्डिंग लगाए गए हैं। एयरपोर्ट से लेकर पीएम आवास तक और भारत मंडपम से लेकर राष्ट्रपति भवन तक कड़ी सुरक्षा व्यवस्था है।
एयरपोर्ट पर स्वागत सत्कार के बाद पीएम मोदी और पुतिन एक ही कार से पीएम के आधिकारिक आवास 7 लोक कल्याण मार्ग पहुंचे हैं। पीएम मोदी ने पुतिन को यहां हाई डिनर के लिए इनवाइट किया है। विश्व के राजनैतिक पटल पर पुतिन के 30 घंटे के भारत दौरे को अहम माना जा रहा है। पूरे विश्व की इस प्रवास पर निगाहें हैं।



