खैरागढ़ के पूर्व भाजपा विधायक पर दुष्कर्म के आरोप में केस… एक नेत्री की शिकायत पर छुईखदान थाने में रिपोर्ट
खैरागढ़ के पूर्व भाजपा विधायक, पूरे संसदीय सचिव और इस सीट से भाजपा के टिकट पर चार बार विधानसभा चुनाव लड़ चुके कोमल जंघेल पर भाजपा की ही एक महिला नेत्री ने दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट लिखवा दी है। दुष्कर्म की शिकायत छुईखदान थाने में की गई है। महिला ने शिकायत में पुलिस से अपनी पहचान छिपाने का आग्रह करते हुए आशंका जताई कि ऐसा होने पर उसे खतरा हो सकता है।
मिली जानकारी के अनुसार कल एक भाजपा नेत्री ने छुईखदान थाने पहुंचकर पूर्व विधायक पर शोषण का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया और जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आरोप समेत सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। बयान दर्ज करने और साक्ष्य संकलन की प्रक्रिया जारी है। इस मामले में अभी पुलिस की ओर से अधिकृत बयान नहीं आया है, लेकिन स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार स्थानीय पुलिस ने केस दर्ज होने तथा जांच शुरू करने की पुष्टि की है।



