रायपुर पुलिस का एक्शन : करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष रूबी तोमर और भाई के घर सर्च… 36 लाख कैश, पौन किलो गोल्ड के साथ मिली दो पिस्टल … आर्म्स एक्ट का भी केस, दोनों फरार

तेलीबांधा में शनिवार को एक कारोबारी से मारपीट के आरोप में पुलिस हिस्ट्रीशीटर रोहित तोमर का घर पहुंची तो आरोपी के बड़े भाई वीरेंद्र सिंह रूबी तोमर ने पुलिस को चलता कर दिया, आरोपी को पकड़ने नहीं दिया। रूबी तोमर छत्तीसगढ़ करणी सेना का प्रदेश अध्यक्ष बताया गया है। बहरहाल, ख़ाली हाथ लौटने के बाद पुलिस ने रूबी और रोहित के भाटागांव स्थित घर की तलाशी के लिए कोर्ट से सर्च वारंट लिया। एसएसपी डॉ लाल उमेद सिंह ने क्राइम ब्रांच, तेलीबंधा, पुरानी बस्ती और रक्षा फोर्स को मिलाकर बड़ी टीम बनाई। सोमवार की रात 11 बजे फोर्स तोमर बंधुओं के घर घुसी तो दोनों फरार हो गए। लेकिन घर की तलाशी में भारी कैश और सोने चाँदी के गहनों के साथ पुलिस को दो अवैध पिस्टल, गोलियाँ और पाँच तलवारे भी मिल गई हैं। पुलिस तो रूबी और रोहित, दोनों के ख़िलाफ़ आर्म्स एक्ट का भी केस रजिस्टर कर लिया है। आरोपियों की तलाश में कई जगह छापामारी की गई, पर दोनों अभी नहीं मिले हैं।
तोमर बंधुओं के भाठागांव स्थित सांई विला मकान की तलाशी में पुलिस को 35,10,300 रुपए कैश, 734 ग्राम सोने के जेवरात, 125 ग्राम चांदी के जेवरात, बीएमडब्ल्यू कार सीजी 04 एल सी 1111, थार सीजी 04 पी ए 0017 और ब्रेजा सी जी 04 एन एस 1917 के अलावा एक सीपीयू, आई-पेड, लैपटॉप, चेक एटीएम कार्ड, डीवीआर., ईस्टॉम्प, पैसो के लेन-देन के हिसाब का रजिस्टर, जमीनों के दस्तावेज, नोट गिनने की मशीन, पाँच लोहे का तलवार, एक रिवाल्वर और एक पिस्टल के साथ साथ जिंदा राउण्ड एवं आवाजी कारतूस मिले, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। हथियार और गोलियों के जब्त होने के कारण रोहित के साथ रूबी तोमर के ख़िलाफ़ भी पुरानी बस्ती पुलिस ने आर्म्स एक्ट का केस लगाया था। बता दें कि चार साल पहले रूबी तोमर और भाइयों को सूदखोरी की कई शिकायतों के बाद अरेस्ट कर जेल भेजा था।



