तीन डिस्टिलरीज छत्तीसगढ़, वेलकम और भाटिया वाइन्स की 68 करोड़ रु की प्रॉपर्टी सीज़… ईडी की चालान पेश करने के बाद बड़ी कुर्की
छत्तीसगढ़ के चर्चित शराब स्कैम में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के रायपुर जोनल ऑफिस ने प्रदेश की तीन प्रमुख डिस्टिलरी कंपनियों छत्तीसगढ़ डिस्टिलरीज, भाटिया वाइन मर्चेंट्स और वेलकम डिस्टिलरीज की करीब 68.16 करोड़ रुपये की प्रॉपर्टी सीज़ कर दी है। डिस्टिलर्स की प्रॉपर्टी कुर्क करने का यह पहला बड़ा एक्शन है, जो ईडी ने चालान पेश करने के बाद लिया है। यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग प्रिवेंशन एक्ट के तहत की गई है।
ईडी विभिन्न साक्ष्यों के आधार पर इन तीनों कंपनियों की प्रॉपर्टी सीज़ का चुकी है। इस नई कार्रवाई के बाद इन डिस्टिलरी कंपनियों के खिलाफ कुल कुर्की 96.55 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। जांच में सामने आया है कि ये तीनों कंपनियां छत्तीसगढ़ के शराब घोटाले में शामिल उस आपराधिक सिंडिकेट का अहम हिस्सा थीं, जिसमें वरिष्ठ अफसर, राजनेता और निजी कंपनियां शामिल थीं। ईडी ने अपने फाइनल चालान में स्पष्ट कर दिया है कि छत्तीसगढ़ में इस आपराधिक सिंडिकेट ने 2883 करोड़ रुपए का स्कैम किया है।



