ईरान युद्ध पर पीएम मोदी का संसद में बयान : हॉर्मुज स्ट्रेट को बंद करना अस्वीकार्य… नागरिक ठिकानों पर हमले बंद किए जाएं
ईरान-अमेरिका इज़राइल युद्ध को लेकर लोकसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि हॉर्मुज स्ट्रेट को बंद करना स्वीकार्य नहीं है। हॉर्मुज स्ट्रेट के रास्ते भारत में बड़ी मात्रा में कच्चा तेल, गैस, उर्वरक और कई ज़रूरी चीज़ें आती हैं. जब से युद्ध शुरू हुआ है, हॉर्मुज़स्ट्रेट से जहाज़ों की आवाजाही बहुत मुश्किल हो गई है। इसके बावजूद, हमारी सरकार ने यह सुनिश्चित करने की कोशिश की है कि पेट्रोल, डीज़ल और गैस की सप्लाई पर ज़्यादा असर न पड़े। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि नागरिक ठिकानों पर हमले तुरंत बंद करने चाहिए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईरान जंग और पश्चिम एशिया की स्थिति पर संसद में कहा है कि पश्चिम एशिया की स्थिति चिंताजनक है। पश्चिम एशिया में लगभग 1 करोड़ भारतीय रहते हैं और वहीं कार्यरत हैं। इस मुद्दे पर संसदीय आम सहमति होना महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि मैंने विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्षों से बात की है। हमारे सभी मिशन प्रभावित देशों में फंसे भारतीयों की मदद करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं।
पीएम मोदी के लोकसभा संबोधन की मुख्य बातें
– प्रधानमंत्री ने कहा कि खाड़ी देशों में 1 करोड़ से ज्यादा भारतीय रहते हैं और उनकी सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने जानकारी दी कि युद्ध के बीच अब तक 3 लाख से अधिक भारतीय सुरक्षित स्वदेश लौट चुके हैं।
– पीएम मोदी ने पश्चिम एशिया में जारी जंग से पैदा हुए ऊर्जा संकट (पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की आपूर्ति) पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार उर्वरकों (फर्टिलाइजर) के वैकल्पिक स्रोतों और जरूरी वस्तुओं की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कदम उठा रही है।
– उन्होंने दोहराया कि युद्ध किसी के हित में नहीं है और सभी मुद्दों का समाधान बातचीत और कूटनीति (Dialogue and Diplomacy) के जरिए ही होना चाहिए।



