पीएम मोदी की 30 को बिलासपुर में सभा… 55 एकड़ का सभास्थल, 3 हेलीपैड 9 पार्किंग… सीएम सेक्रेटरी दयानंद ने हाथ में लिए इंतज़ाम

छत्तीसगढ़ सरकार ने पीएम नरेंद्र मोदी की 30 मार्च को बिलासपुर के मोहभठ्ठा में होने वाली आमसभा को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। सीएम विष्णुदेव साय के सचिव आईएएस पी दयानंद ने यह ज़िम्मेदारी ली है। उन्होंने शनिवार को मोहभट्टा जाकर आमसभा की तैयारी का जायज़ा लिया है। आईएएस दयानंद ने बिलासपुर के अफसरों को निर्देश दिए हैं कि सारी तैयारी 25 मार्च तक पूर्ण कर ली जाए। पीएम मोदी के सभास्थल की विशालता का अंदाज़ा इस बात से लगा सकते हैं कि यह आयोजन 55 एकड़ के मैदान पर होगा। इसमें तीन हेलीपैड बनाए जा रहे हैं। पूरे प्रदेश से पहुँचनेवाले लोगों के लिए अलग अलग नौ पार्किंग स्थल रहेंगे, ताकि किसी को दिक़्क़त न हो।
मौक़े पर जाकर तैयारी की समीक्षा करते हुए सीएम के सचिव पी.दयानन्द ने कहा कि यह प्रधानमंत्री का राज्य स्तरीय कार्यक्रम है। बिलासपुर के साथ राज्य भर से लोग प्रधानमंत्री जी को सुनने पहुंचेंगे। सभा में शामिल होने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए लोगों की सुविधाओं का भी ध्यान रखा जाये। आईएएस दयानंद ने सभास्थल पर मुख्य मंच, हेलीपेड, ग्रीन रूम, सांस्कृतिक मंच, हितग्राहियों एवं अतिथियों की बैठक व्यवस्था आदि का निरीक्षण किया। उन्होंने सभास्थल के समीप बनाये गये पार्किंग स्थलों का भी जायजा लिया और वहां जनसुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।



