रायगढ़ के दो और गांवों में मिले अफीम के खेत… तीन गिरफ्तार और एक फरार… अब ड्रोन उड़कर अफीम खेती की तलाश
रायगढ़ जिले के लैलूंगा ब्लॉक में अफीम की खेती के दो और मामले सामने आए हैं। लैलूंगा के घटगांव और मुड़ागांव में अवैध अफीम की खेती पकड़ी गई है। पुलिस ने बताया कि लैलूंगा के घटगांव में लगभग 50 डिसमिल जमीन पर अफीम की फसल लहलहा रही थी। इसके तुरंत बाद वहीं मुड़ागांव में भी एक और अफीम का खेत मिला है। घटगांव मामले में पुलिस ने जगतराम नाग और मनोज नाग को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी साधराम नाग फरार बताया जा रहा है। मुड़ागांव में तानसेन नागवंशी नामक व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस और प्रशासन अब अफीम की खेती का पता लगाने के लिए पूरे इलाके में ड्रोन सर्वे का सहारा ले रहे हैं। बता दें कि रायगढ़ में लैलूंगा से पहले तमनार ब्लॉक के आमाघाट में नदी किनारे करीब डेढ़ एकड़ जमीन पर अफीम की बड़ी खेती पकड़ी गई थी। तमनार मामले में गिरफ्तार मार्शल सांगा मूल रूप से झारखंड का रहने वाला है और यहाँ ससुराल में रहकर खेती कर रहा था। उसने तरबूज और ककड़ी उगाने के बहाने जमीन लीज पर ली थी, लेकिन वहां करोड़ों की अफीम उगा रहा था। पिछले 17-18 दिनों के भीतर छत्तीसगढ़ में अवैध अफीम की खेती का यह पांचवां मामला है। इससे पहले दुर्ग और बलरामपुर जिलों में भी इसी तरह की बड़ी कार्रवाइयां की जा चुकी हैं।



