देश में अब सिर्फ 6 जिले नक्सल प्रभावित, जिनमें बीजापुर सुकमा नारायणपुर गरियाबंद छत्तीसगढ़ के… केंद्र से नई सूची जारी, निर्णायक ऑपरेशन की तैयारी
भारत सरकार ने अक्टूबर 2025 के बाद हाल में देशभर के नक्सल प्रभावित जिलों की सूची जारी की है, जिसमे प्रभावित क्षेत्रों में भारी कमी आ गई है। सूची के अनुसार अब देश में केवल 6 जिले नक्सल प्रभावित रह गए हैं, जिनमे चार छत्तीसगढ़ के हैं। बस्तर संभाग के सुकमा, नारायणपुर और बीजापुर तथा रायपुर के गरियाबंद को ही नक्सल प्रभावित जिलों की सूची में रखा गया है। अब केंद्र सरकार ने 31 मार्च के लक्ष्य के आधार पर छत्तीसगढ़ के चारों जिलों समेत सभी 6 नक्सल प्रभावित जिलों में बड़ा और अंतिम ऑपरेशन चलाने की तैयारी शुरू कर दी है।
बता दें कि दिसम्बर 2025 की रिपोर्ट के अनुसार देश में वामपंथी उग्रवाद (LWE) प्रभावित जिलों की संख्या घटकर 11 रह गई थी। ये जिले छत्तीसगढ़ समेत 5 राज्यों में थे। इनमे छत्तीसगढ़ के सात जिले थे, जिनमे से दंतेवाड़ा, कांकेर और बस्तर के साथ साथ चौकी मोहला मानपुर जिले नक्सल प्रभावित सूची से बाहर हो गए। हालांकि नई सूची में गरियाबंद को रखा गया है। उस पिछली सूची में इनके अलावा झारखंड में पश्चिम सिंहभूम, ओडिशा में कंधमाल, महाराष्ट्र में गढ़चिरौली और मध्यप्रदेश के बालाघाट को रखा गया था।



