बर्ड फ्लू से राहत : बिलासपुर में चिकन-अंडे पर 17 दिन से लगा बैन हटा, खुल जाएंगी दुकानें… सिर्फ संबंधित फॉर्म से 1 किमी में प्रतिबंध
बिलासपुर में बर्ड फ्लू की आशंका के बाद चिकन और अंडे की बिक्री पर 17 दिन पहले लगाया गया बैन प्रशासन ने हटा लिया है। जांच में दूसरे पोल्ट्री फार्म या मनुष्य में संक्रमण नहीं मिलने के बाद यह फैसला लिया गया है। बिलासपुर शहर में बैन वाले दिन से चिकन और अंडों की दुकानें बंद हैं, जो अब खुल जाएंगी। प्रशासन का मानना है कि हालात नियंत्रण में हैं। बर्ड फ्लू संक्रमण कोनी के पोल्ट्री फार्म में मिला था और वहां से 10 किमी दायरे को सर्विलांस क्षेत्र घोषित करते हुए चिकन-अंडा पूरी तरह बैन कर दिया गया था। प्रतिबंध हटने के बाद कई दुकानें आज खुल गईं, कल से पूरा बिजनेस सामान्य हो जाएगा।
बिलासपुर प्रशासन के अनुसार शहर समेत सर्विलांस एरिया में केंद्र और राज्यस्तरीय अधिकारियों की संयुक्त टीम ने तीन दिन तक हालात का जायजा लिया। इस आधार पर अपनी रिपोर्ट में व्यवस्थाओं पर संतोष जताया, इसलिए सर्विलांस एरिया से बैन हटा दिया गया। हालांकि कोनी के जिस पोल्ट्री फार्म में बर्ड फ्लू से मुर्गियां मरी थीं, उसके एक किमी के दायरे में प्रतिबंध जारी रहेगा। बता दें कि 25 मार्च को बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद प्रशासन ने पोल्ट्री गतिविधियां पूरी तरह बंद कर दी थीं। इस क्षेत्र में चिकन और अंडे की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया। वहीं 10 किलोमीटर के दायरे को सर्विलांस क्षेत्र घोषित कर होटल, ढाबों और बाजारों में भी बिक्री रोक दी गई थी। इसके बाद संक्रमण पर नियंत्रण के लिए 22,808 पक्षियों को नष्ट किया गया। 25,000 अंडे और 79 क्विंटल पोल्ट्री फीड भी नष्ट कर दिया गया। पशु चिकित्सा महाविद्यालय के 1,900 मुर्गों को भी एहतियातन खत्म किया गया। राहत की बात यह रही कि जांच में शामिल 41 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई।



