आज की खबर

नगर निगम ने पंडरी मार्केट की 19 दुकानों को नियमविरुद्ध बताकर किया सील… नेताओं का हस्तक्षेप होते ही निगम का यू-टर्न, खुलवाई सील

नगर निगम ने पंडरी कपड़ा बाजार की 19 दुकानों की सील खोलने के आदेश जारी किए हैं। इन दुकानों में सील भी नगर निगम ने लगाई थी। दुकानों की सील खोलने का फैसला दिशा समिति की बैठक में लिया गया। इस बैठक में विधायक पुरंदर मिश्रा, मेयर मीनल चौबे और कमिश्नर विश्वदीप तथा अफसर शामिल थे। अब सवाल उठ रहा है कि अगर ग़लत नहीं था तो सील क्यों लगाई, और अगर ग़लत था तो खुलवा क्यों दी?

दिशा समिति ने सभी 19 दुकानों के व्यापारियों को  पार्किंग व्यवस्था ख़ुद करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही निगम के अन्य नियमों का भी पालन करना होगा। बता दें कि विगत दिनों दिशा समिति की बैठक में ही पंडरी कपड़ा बाजार के 19 दुकानदारों पर अवैध तरीके से अपनी दुकान के दोनों ओर यानी आगे-पीछे शटर लगाने पर कार्यवाही के निर्देश दिए गए थे। निर्देश मिलते ही नगर निवेश उड़न दस्ता और जोन 2 नगर निवेश विभाग की टीमों ने सम्बंधित 19 दुकानों को सीलबन्द कर दिया था। उसी दिशा समिति ने अब सील खोलने के आदेश दिए हैं। निगम की ओर से अधिकृत तौर पर बताया गया कि संबंधित व्यापारियों ने रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल और विधायक पुरंदर मिश्रा से मुलाकात की और उनसे सीलबंद दुकाने खोले जाने निर्देश देने अनुरोध किया। इस वजह से दिशा समिति ने आनन फानन में फैसला बदल दिया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button