आज की खबर

कलेक्टोरेट से लगी मल्टीलेवल पार्किंग में कार से 36.50 लाख रुपए पार… रजिस्ट्री के पैसे थे, दोस्त ही निकले चुराने वाले, कुछ घंटे में अरेस्ट

रायपुर कलेक्टोरेट से लगी मल्टीलेवल पार्किंग में एक व्यक्ति की कार से 36 लाख 50 हजार रुपए चुरा लिए गए। ज्ञानप्रकाश पांडे नाम के व्यक्ति ने रिपोर्ट लिखाई थी कि पिरदा की जमीन के सौदे में टोकने देने के लिए वह पैसे लेकर रजिस्ट्री आफिस पहुंचा, कार मल्टीलेवल पार्किंग में रखी और चाबी अपने पुराने परिचित नितिन सोनी को देकर रजिस्ट्री आफिस चला गया। कुछ देर बाद नितिन ने फोन कर उसे बताया कि कार में पैसे नहीं है। भीड़भरी और सुरक्षित पार्किंग से इतनी बड़ी रकम चोरी होने की सूचना से पुलिस महकमे में खलबली मच गई। तुरंत जांच शुरू की गई और कुछ घंटे में साफ हो गया कि पैसे नितिन और उसके मित्र तनवीर आलम ने मिलकर चुराई थी। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर पूरा कैश जब्त कर लिया है।

अफसरों ने बताया कि ज्ञानप्रकाश हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी पिरदा का रहने वाला है। उसने पिरदा के एक प्लाट का सौदा गंगूराम यादव से किया और 36,50,000 रुपए लेकर अपने साथी नितिन के साथ कार से रायपुर रजिस्ट्री आफिस आया। कार में कपड़े में बंधे पैसे रखकर उसने चाबी नितिन को दी और कागजात बनवाने लगा। कुछ देर बाद नितिन ने उसे फोन कर बताया कि कार में पैसे नहीं है। ज्ञानप्रकाश ने सिविल लाइंस थाने में रिपोर्ट लिखवाई तो पुलिस भी हैरान हो गया। तुरंत जांच शुरू हुई और पुलिस ने पार्किंग के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इन फूटेज में कार के पास काली एक्टिवा पर सवार युवक को आते-जाते देखा गया। इसके बाद नितिन से कड़ाई से पूछताछ की गई, क्राइम सीन रीक्रिएट किया गया। पूछताछ में नितिन टूट गया और स्वीकार किया कि उसने अपने साथी तनवीर आलम के साथ पैसे पार करवा दिए। पुलिस ने तुरंत तनवीर को रांवाभाठा से दबोच लिया और दोनों से पूरी रकम जब्त कर ली गई। पूछताछ में नितिन ने पुलिस को बताया कि वह काफी कर्ज में था, इसलिए साजिश रची। तनवीर को दो लाख रुपए का लाालच देकर अपने साथ मिलाया और कार से पैसे निकाल लिए। पुलिस ने इस मामले में गबन-चोरी का केस रजिस्टर किया है और आरोपियों को जेल भेजा जा रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button