आज की खबर

नाबालिगों के चाकू खून के प्यासे… सभ्य परिवार की कार को तीन सवारी टक्कर मारी… विरोध किया तो कार वालों को चाकू घोंपा… 24 घंटे में पुलिस ने ढूंढ निकाला, थाने में अच्छी खातिर

राजधानी में रविवार की रात ऐसी घटना हुई, जो हर शरीफ शहरी के मन में डर पैदा करने वाली है। बलेनो कार सवार एक शरीफ परिवार रेस्तरां से डिनर करके घर लौट रहा था। शंकरनगर ओवरब्रिज के पास कार को पीछे से तीन सवारी लफंगों ने टक्कर मार दी। जाहिर है कि आप भी कार चला रहे होंगे तो टक्कर पर गाड़ी का डैमेज देखेंगे, ऐसा करनेवालों को कुछ न कुछ तो कहेंगे। टक्कर लगते ही युवक कार से उतरा और दुर्घटना करनेवालों को गाड़ी देख कर चलाने के लिए कह दिया। फिर क्या था, नशेड़ी लफंगों को इस बात से ऐसा गुस्सा आया कि गालियों की बौछार करते हुए युवक के सिर पर लोहे की किसी वस्तु से वार किया। यह देखकर युवक का बड़ा भाई कार से उतरा तो दूसरे बदमाश ने उसकी जांच पर चाकू घोंप दिया। खून का फव्वारा फूट पड़ा, फिर भी आरोपी गालियां उड़ाते हुए कुछ देर रुके, फिर आराम से निकल गए। जब इस मामले की रिपोर्ट हुई, तो एसएसपी डा. लाल उमेद सिंह ने सिविल लाइंस और क्राइम ब्रांच समेत बड़ी टीम लगाई और अपराधियों को तुरंत तलाश शुरू करवा दी। एक दिन के सघन अभियान के बाद तीनों लफंगे पकड़ में तो आए, लेकिन नाबालिग नशेड़ी निकले। हम नियमों से बंधे हुए हैं, इसलिए इन आवारा लड़कों का नाम और फोटों नहीं छाप सकते। दुख इस बात का भी है कि शहर में इस तरह के जितने भी जघन्य अपराध हो रहे हैं, ज्यादातर में आरोपी 18 साल से कम के लड़के निकल रहे हैं। ये कानूनी तौर पर तो नाबालिग हैं, लेकिन राजधानी में इनके चाकू खून के प्यासे होने लगे हैं।
इस खबर में वारदात का शिकार होने वाले परिवार की पहचान भी द स्तम्भ छिपाएगा, क्योंकि ऐसे लुच्चे-लफंगों का ठिकाना नहीं है। वारदात सोनी परिवार के साथ हुई थी। चाकू लगने की वजह से एक की जांघ और दूसरे के सिर से बहते खून को देखकर कुछ लोग इकट्ठा हुए। परिवार ने रात में ही पुलिस को खबर दी। वारदात का ब्योरा जानकर पुलिस भी बौरा गई। क्राइम ब्रांच और सिविल लाइंस की टीमों ने आरोपियों की खोज का बड़ा अभियान चलाया। कई लोगों से पूछताछ की गई, सीसीटीवी कैमरे छाने गए। युवकों के भागने की दिशा के हर कैमरे का फूटेज तेखा गया, तो एक में हुलिया और गाड़ी के डीटेल मिल गए। पुलिस ने दिनभर की पड़ताल के बाद सोमवार को छापे मारकर तीनों नाबालिग लफंगों को घरों से उठा लिया। इन्हें थाने लाया गया, तब पता चला कि एक नाबालिग को सालभर पहले गंज पुलिस ने चाकू के साथ पकड़ा था, यानी वह तब 15-16 का रहा होगा। थाने में लाकर तीनों लफंगों की अच्छी खातिरदारी की गई है। इस कार्रवाई में टीआई सिविल लाइंस रोहित मालेकर और क्राइम ब्रांच के इंचार्ज इंस्पेक्टर परेश पांडे के अलावा अफसर अतुलेश राय और जितेंद्र दुबे तथा टीम में प्रमोद वर्ठी, पुष्पराज परिहार, विक्रम वर्मा, राजेन्द्र तिवारी, केशव सिन्हा, दिलीप जांगडे, बोधेन्द्र मिश्रा, मनोज सिंह, विकास क्षत्री तथा सिविल लाइंस थाने से दीपक सेन, महेन्द्र वर्मा एवं कमलेश सिंह राजपूत की महत्वपूर्ण भूमिंका रही।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button