आज की खबर

बिजली कंपनी अफसरों से एमडी के नाम पर 50 लाख रु एक खाते में अर्जेंट भेजने का मैसेज… अलर्ट अफसरों की खोजबीन में साइबर फ्रॉड उजागर, देखें मैसेज

छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी के एमडी श्री राजेश कुमार शुक्ला के नाम से साइबर ठगों ने बिजली कंपनी के ही अफसरों से एक खाते में करीब 50 लाख रुपए अर्जेंट मांग लिए। पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी के कुछ अफसरों को आज सोमवार को दोपहर में एक मोबाइल नंबर 99315-25803 से व्हाट्सएप से मैसेज आया। मैसेज भेजने वाले ने ख़ुद को एमडी राजेश शुक्ला बताया और कहा वे किसी महत्वपूर्ण बैठक में व्यस्त हैं और तत्काल 49 लाख 60 हजार 801 आरटीजीएस से एक खाते में ट्रांसफर की जाए। संदेश में जल्दबाजी का माहौल बनाते हुए अधिकारियों पर पैसे तुरंत भेजने का दबाव भी बनाया गया। ह्वाट्सऐप मैसेज में बैंक का नाम, खाता संख्या, आईएफएसई कोड और लाभार्थी के संस्थान का नाम लिखा था। कंपनी के सतर्क अधिकारियों ने इस संदेश को गंभीरता से लेते हुए इसकी पुष्टि करने का प्रयास किया। तब स्पष्ट हुआ कि यह पूरा मामला एक सुनियोजित साइबर फ्रॉड है।

Screenshot

इस घटना की जानकारी मिलते ही एमडी राजेश कुमार शुक्ला ने तत्काल सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्क रहने की सलाह दी। यह निर्देश भी दिए कि इस प्रकार के किसी भी संदेश पर कोई प्रतिक्रिया न दी जाए तथा किसी भी स्थिति में कोई भी लेन-देन न किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि व्हाट्सएप जैसे अनौपचारिक माध्यमों के जरिए भुगतान का निर्देश देना पूरी तरह असंगत और संदिग्ध है। बिजली कंपनी के अफसरों ने बताया कि इस मामले की शिकायत पुलिस से की जा रही है।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button