रायपुर में “पीकर” ड्राइविंग का पागलपन… हर हफ़्ते सैकड़ों फंसते हैं, 10-20 हजार रुपए चालान पटाते हैं… अगले सप्ताह और अधिक पकड़े जाते हैं

(फोटो: सिर्फ़ एक रात में, एक थाने में जब्त गाड़ियाँ)
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट “ड्रंक एंड ड्राइव” के खिलाफ कई हफ्ते से चार-पाँच मैं चौराहों और सड़कों पर मुहिम चला रहा है। इस अभियान में हर वीक एंड्स पर रोज़ औसतन डेढ़-दो सौ लोग पीकर गाड़ी चलाते हुए पकड़े जा रहे हैं। कार और बाइक वाले ये लोग 10-15 हजार रुपए जुर्माना देकर छूटते हैं। इतने बड़े जुर्माने के बाद भी बाकी लोग चेत नहीं रहे हैं और हर हफ़्ते यह संख्या बढ़ रही है। कल, 28 मार्च की रात भी वीआईपी रोड और आसपास 137 लोग ड्रंक एंड ड्राइव में फंसे और गाड़ियां जब्त कर ली गईं। इनमें कुछ बाइक तो ऐसी हैं जिनकी रीसेल वैल्यू 10 हजार रुपए नहीं है, लेकिन छुड़ाने के लिए दस हज़ार रुपए से ऊपर जुर्माना लग जाएगा। इसीलिए यह बातें चर्चा में हैं कि पैसा बढ़ गया, दस बीस हज़ार रुपए जुर्माना देने से फ़र्क़ नहीं पड़ता, या नशा करके ड्राइविंग करने का शौक पागलपन में बदल रहा है, या फिर लोगों को पता नहीं है कि पीकर गाड़ी चलाते पकड़े गए तो कितनी बड़ी आर्थिक चोट लग सकती है।
डीएसपी ट्रैफिक गुरजीत सिंह ने एक प्रेस रिलीज़ शेयर की है, जिसके मुताबिक़- रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की ट्रैफिक पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध शनिवार को एएसपी विवेक शुक्ला के नेतृत्व में रायपुर में कुछ जगह शराब पीकर वाहन चलाने वालों की जाँच की। इस दौरान शराब पीकर वाहन चलाते हुए कुल 137 वाहन चालकों को पकड़ा गया। सबका चालान बनाया गया और गाड़ियां जब्त की गईं। इन्हें सोमवार को न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। पिछले कुछ हफ्तों में 1400 नशेड़ी वाहन चालकों के विरुद्ध कार्यवाही की जा चुकी है।
प्रेस नोट में कहा गया- लोगों में भ्रांति है कि पुलिस कोई टारगेट पूरा करने अभियान चलाती है, जबकि *यातायात पुलिस का यह अभियान सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।* पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया है कि शराब पीकर वाहन चलाना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह स्वयं तथा अन्य लोगों के जीवन के लिए गंभीर खतरा भी है, अतः इस पर ज़ीरो टॉलरेंस की नीति जारी रहेगी।
*आम नागरिकों से अपील -*
यातायात पुलिस रायपुर सभी वाहन चालकों एवं नागरिकों से अपील करती है कि वे सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करें और जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभायें ।



