नक्सलवाद के खात्मे की तारीफ करना छोड़ ग़लतफ़हमी पैदा कर रहे हैं, यह बिल्कुल ग़लत… सीएम साय का कांग्रेस पर तीखा हमला

छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद खत्म होने पर सवाल उठाने वालों के ख़िलाफ़ सीएम विष्णुदेव साय ने तीखा हमला बोला है। सीएम ने कांग्रेस का नाम नहीं लेते हुए मीडिया से कहा कि छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद समाप्त हुआ है और उस क्षेत्र में विकास पहुँचेगा। इसकी तारीफ करनी चाहिए, लेकिन ऐसे समय में भी गलतफहमियाँ पैदा की जा रही हैं। यह सर्वथा अनुचित है।
सीएम ने मीडिया से कहा कि नक्सलवाद के खात्मे के लिए डबल इंजन की सरकार के प्रयास और हमारे प्रदेश के जवानों के अदम्य साहस की तारीफ करनी चाहिए। नक्सलवाद छत्तीसगढ़ और विशेषकर बस्तर क्षेत्र के विकास में बहुत बड़ा बाधक था। वहाँ के भोले भाले गरीब जनजातीय समाज के लोग चार दशक से भी ज्यादा समय तक विकास से अछूते थे। उन तक विकास पहुँचने की प्रक्रिया अब और तेज होगी।
सीएम साय ने कहा कि कल, 31 मार्च का दिन छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प तथा हमारे सुरक्षा बल के जवानों के अदम्य साहस के परिणामस्वरूप देश को नक्सलमुक्त करने का लक्ष्य पूरा हुआ है। पिछले दो वर्षों से बस्तर में ‘नियद नेल्लानार’ जैसी योजनाओं के माध्यम से हमने गांव-गांव तक विकास की पहुंच सुनिश्चित की है। उन्होंने कहा कि अब बस्तर में तेजी से विकास हो रहा है।



