भारत ने अमेरिका-ईरान युद्धविराम का किया स्वागत… हॉर्मूज़ में जहाज़ निर्बाध चलने पर जोर
अमेरिका और ईरान के बीच हुए 14 दिन के सीजफायर का भारत ने स्वागत किया है। विदेश मंत्रालय ने बुधवार शाम जारी बयान में दो सप्ताह के युद्धविराम को सकारात्मक बताते हुए उम्मीद जताई कि इससे क्षेत्र में स्थायी शांति स्थापित हो सकेगी।
भारत ने कहा कि लंबे समय से संघर्ष समाप्त करने के लिए युद्धविराम, संवाद और कूटनीतिक प्रयासों पर हमारी ओर से जोर दिया जाता रहा है। बयान में कहा गया है कि हालिया संघर्ष ने आम लोगों को भारी मानवीय पीड़ा पहुंचाई है और साथ ही वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति और व्यापारिक गतिविधियों को गंभीर रूप से प्रभावित किया है। विदेश मंत्रालय ने विशेष रूप से हार्मुज जलडमरूमध्य का जिक्र करते हुए कहा कि यहां निर्बाध नौवहन और अंतरराष्ट्रीय व्यापार का सुचारू प्रवाह बना रहना चाहिए। यह जलडमरूमध्य विश्व के तेल व्यापार का महत्वपूर्ण मार्ग है, जिसकी सुरक्षा सुनिश्चित करना न केवल क्षेत्रीय स्थिरता बल्कि वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए भी जरूरी है।



