पीएम मोदी का कांग्रेस पर वार… मन-मस्तिष्क में बेईमानी भरी हो तो बड़े से बड़े खजाने खाली हो जाते हैं

बिलासपुर के मोहभट्ठा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को विशाल आमसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर वार किए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की तरह मन-मस्तिष्क में बेईमानी भरी हो तो बड़े से बड़े खजाने खाली हो जाते हैं। पीएम मोदी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार में विकास नहीं होता था। थोड़े-बहुत काम होते भी थे तो घोटाले हो जाते थे। लाखों परिवारों के पक्के घर का सपना कांग्रेस सरकार ने फाइलों में ही गुम कर दिया। छत्तीसगढ़ में कोयले का प्रचुर भंडार है, लेकिन बिजली की हालत खस्ताहाल रही। भर्ती परीक्षाओं में घोटाले कर दिए, जिसकी हम जांच करवा रहे हैं। आदिवासी क्षेत्रों को विकास से दूर रखा। कांग्रेस की गलत नीतियों की वजह से ही नक्सलवाद फलता-फूलता रहा। लेकिन अब स्थिति बदल रही है। भाजपा सरकार छत्तीसगढ़ के लोगों से किए गए हर वादे को पूरा कर रही है। प्रधानमंत्री के संबोधन के दौरान लगातार तालियां बजती रहीं और मोदी-मोदी भी गूंजता रहा।
मोहभट्ठा की जनसभा की विशाल भीड़ में महिलाएं भी बड़ी संख्या में थीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत मातृशक्ति की वंदना से की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ माता महामाया की धरती है। माता कौशल्या का मायका है। मैं यहां मातृशक्ति को नमन करता हूं। उन्होंने कहा कि आप लोगों ने मोदी की गारंटी पर भरोसा किया। जब छत्तीसगढ़ के लाखों परिवारों के पक्के घर का सपना पहले की सरकारों ने फाइलों में गुमा दिया था, तब हमने गारंटी दी थी कि यह सपना हमारी सरकार पूरा करेगी। इसलिए विष्णुदेव साय की सरकार बनते ही पहली कैबिनेट में 18 लाख घर बनाने का निर्णय लिया गया। आज उसमें से 3 लाख घर बनकर तैयार हैं। इनमें बहुत सारे घर आदिवासी क्षेत्रों में बने हैं। आदिवासी इलाके के हजारों-लाखों परिवारों ने पीढ़ी दर पीढ़ी झोपड़ियों में गुजारी, जब उन्हें पक्के घर का उपहार मिलेगा तो उनकी उमंग ही अलग होगी।
पारदर्शिता से काम, इसलिए जनता का भरोसा
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय भर्ती परीक्षाओं में घोटाले किए गए। भाजपा सरकार ने जांच बिठाई है। हमारी सरकार पूरी पारदर्शिता के साथ परीक्षा करवा रही है। इसलिए भाजपा पर जनता का भरोसा बढ़ता जा रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के समय में विकास नहीं होता था। काम होता था, तो घोटाले भी होते थे। हम विकास की योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचा रहे हैं। छत्तीसगढ़ की तस्वीर भी बदल रही है, तकदीर भी बदल रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह छत्तीसगढ़ का रजत जयंती वर्षा है। संयोग से अटलजी का जन्म शताब्दी वर्ष भी है। इसलिए छत्तीसगढ़ सरकार इस साल को अटल निर्माण वर्ष के रूप में मना रही है। हमारा संकल्प है- हमने बनाया है, हम ही संवारेंगे।
कांग्रेस की नीतियों से नक्सलवाद को बढ़ावा
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस की नीतियों की वजह से छत्तीसगढ़ समेत देश के अनेक राज्यों में नक्सलवाद को बढ़ावा मिला। जो क्षेत्र विकास से पीछे रहे, वह क्षेत्र नक्सलवाद फलता-फूलता रहा। जिस दल ने 60 साल सरकार चलाई, उन्होंने ऐसे जिलों को पिछड़ा घोषित कर जिम्मेदारियों से मुंह मोड़ लिया। उस समय की सरकारों की ऐसी उदासीनता आग में घी डालने जैसा था। डबल इंजन सरकार में छत्तीसगढ़ की स्थिति तेजी से बदल रही है। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में स्थायी शांति का नया दौर नजर आ रहा है। हम आदिवासी समाज के विकास के लिए अभियान चला रहे हैं। हमारी योजनाओं से 7 हजार आदिवासी गांवों को फायदा हो रहा है।