iAS Award : बीबी पंचभाई समेत राज्यसेवा के सात अफसर बने आईएएस… डीओपीटी से जारी हो गई अधिसूचना
छत्तीसगढ़ राज्य प्रशासनिक सेवा के 7 सीनियर अफसरों बीरेन्द्र बहादुर पंचभाई, तीर्थराज अग्रवाल, लीना कोसम, सौमिल रंजन चौबे,, सुमित अग्रवाल, संदीप कुमार अग्रवाल और आशीष कुमार टिकरिहा को भारत सरकार ने आईएएस अवार्ड किया है। डिपार्टमेंट ऑफ़ पर्सनल एंड ट्रेनिंग (DoPT) ने 17 फरवरी 2026 को इस आशय की औपचारिक अधिसूचना जारी कर दी है। ये नियुक्तियां वर्ष 2024 की सेलेक्ट लिस्ट में रिक्त पदों के आधार पर की गई हैं। इन अधिकारियों की IAS के रूप में नियुक्ति से छत्तीसगढ़ के प्रशासनिक ढांचे को और मजबूती मिलेगी। लंबे समय से राज्य के विकास कार्यों में संलग्न इन अनुभवी अधिकारियों को अब कलेक्टर या अन्य उच्च पदों पर बड़ी जिम्मेदारी निभाने का अवसर मिलेगा, जिससे सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आएगी।
भारत के राष्ट्रपति ने इंडियन एडमिनिस्ट्रेटिव सर्विस (अपॉइंटमेंट बाय प्रमोशन) रेगुलेशन, 1955 के तहत मिली शक्तियों का प्रयोग करते हुए इन अधिकारियों को छत्तीसगढ़ कैडर में नियुक्त किया है। ये सभी अधिकारी प्रोबेशन (परिवीक्षा अवधि) पर अपनी सेवाएं देंगे। उच्चपदस्थ सूत्रों के अनुसार सभी अफसर अभी, जिन पदों पर हैं, वहीं कम करते रहेंगे। अगली प्रशासनिक सर्जरी में इन्हें आवश्यकतानुसार नई पदस्थापना दी जा सकती है।



