आज की खबर

HAPPY NEW YEAR : नए साल में कुछ अच्छा और पॉजिटिव होने की उम्मीद करिए

छत्तीसगढ़ में अगले 365 दिनों में क्या अच्छा हो सकता है, यह समय के गर्भ में है। अच्छे की श्रेणी में ऐसी तमाम चीज़ें रखी जा सकती हैं, जो प्रदेश के हर वर्ग के लिए पॉजिटिव हों। इसका ताल्लुक़ सुविधाओं से हो सकता है, आर्थिक समृद्धि और इन्फ्रास्ट्रक्चरल बदलाव से भी जुड़ा हुआ हो सकता है। अभी हम ऐसी सरकारी योजनाओं पर बात करेंगे जिनसे अगले एक साल में आम लोगों के लिए कुछ तो बेहतर होता नज़र आएगा। इस कड़ी में एक-एक कर खुशनुमा बदलावों पर भी आगे बात की जाएगी।

सबसे पहले, रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में 20 जनवरी से शुरू होने वाले 9वें ऑटो एक्सपो के दौरान खरीदे जाने वाले वाहनों पर लाइफटाइम रोड टैक्स में 50% की छूट दी जा रही है। जो भी गाड़ी खरीदने वाले हैं, उन्हें इससे आर्थिक लाभ होगा। पैसों के फायदे से ज़्यादा खुशनुमा कुछ और नहीं है। इसी तरह, सुरक्षा और कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए रायपुर में 23 जनवरी 2026 से पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू होने जा रही है। इससे सीधा लाभ फिलहाल तो नहीं होता नज़र आता, लेकिन अगर क़ानून व्यवस्था में सुधार होता है तो सबको सुकून तो मिलेगा, जो अच्छा है। एक और अच्छा इवेंट ये है कि छत्तीसगढ़ पहली बार खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स की मेजबानी करने जा रहा है, जो फरवरी 2026 में प्रस्तावित हैं।

इसके अलावा सीएम विष्णु देव साय ने 57 मोबाइल मेडिकल यूनिट्स (MMU) को हरी झंडी दिखाई है। यह सुविधाएं दुर्गम और पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों  के 2,100 से अधिक गांवों तक घर-घर जाकर इलाज पहुंचाएंगी। छत्तीसगढ़ सरकार ने वर्ष 2026 को ‘महतारी गौरव वर्ष’ के रूप में समर्पित किया है, जिसमें महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आर्थिक स्वावलंबन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

छत्तीसगढ़ सरकार ने वृद्धावस्था और दिव्यांग पेंशन में वृद्धि के साथ-साथ कई जनकल्याणकारी योजनाओं के सुचारू क्रियान्वयन पर जोर दिया है। नए साल की आधिकारिक छुट्टियों और योजनाओं की अधिक जानकारी के लिए आप छत्तीसगढ़ सरकार के आधिकारिक पोर्टल cgstate.gov.in पर जा सकते हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button