Good News : मेडिकल पीजी के लिए छत्तीसगढ़ में MD-MS की 61 सरकारी सीटें मंजूर… अब प्रदेश में पीजी की 377 सीटें, स्पेशलिस्ट डॉक्टर के मौके बढ़े

राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) ने छत्तीसगढ़ के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में में एमडी-एमएस (मेडिकल पीजी) की 61 नई सीटें मंज़ूर की हैं। इसके साथ राज्य में सरकारी मेडिकल पीजी सीटों की संख्या 316 से बढ़कर 377 हो गई है। वहीं, निजी मेडिकल कॉलेजों में कुल 186 सीटें हैं।
चिकित्सा शिक्षा आयुक्त शिखा राजपूत तिवारी ने बताया कि इन नई सीटों की स्वीकृति से राज्य में विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ेगी। नई स्वीकृत सीटों में सिम्स बिलासपुर में 21 सीटें, मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव में 7 सीटें, मेडिकल कॉलेज जगदलपुर में 8 सीटें, मेडिकल कॉलेज रायगढ़ में 12 सीटें तथा मेडिकल कॉलेज कोरबा में 13 सीटें शामिल हैं। स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने बताया कि सीएम विष्णुदेव साय की पहल पर छत्तीसगढ़ में चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में यह ऐतिहासिक कदम है। नई पीजी सीटों की स्वीकृति से राज्य में विशेषज्ञ डॉक्टरों की संख्या बढ़ेगी और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं जनता तक पहुंचेंगी। यह मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।”
राज्य सरकार का मानना है कि इन नई सीटों से न केवल चिकित्सा शिक्षा को बल मिलेगा, बल्कि प्रदेश के शासकीय अस्पतालों में गुणवत्तापूर्ण विशेषज्ञ सेवाएं और अधिक सुलभ होंगी। यह पहल स्वास्थ्य क्षेत्र में आत्मनिर्भरता और जनसुलभ सेवाओं की दिशा में सरकार के सतत प्रयासों को और गति प्रदान करेगी।