होली से पहले ही किसानों को धान का पूरा पेमेंट… साय सरकार ने 10 हजार करोड़ रुपए किए ट्रांसफर
छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार ने आज शनिवार को छत्तीसगढ़ के धान किसानों का बचा हुआ पूरा पेमेंट कर दिया है। सीएम ने 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक की धान खरीदी की अंतर राशि सीधे किसानों के खातों में भेजी है। उन्होंने कहा कि इससे लाखों लोगों के घर होली की खुशियाँ दोगुनी होंगी।
बिलासपुर के बिल्हा स्थित रहंगी खेल मैदान में आयोजित वृहद किसान सम्मेलन में कृषक उन्नति योजना के तहत राज्य के 25 लाख 28 हजार किसानों को यह राशि जारी की गई है। बता दें कि छत्तीसगढ़ सरकार किसानों को धान का 3100 रूपए प्रति क्विंटल मूल्य दे रही है, जो देश में सर्वाधिक है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में राज्य में 25 लाख 28 हजार किसानों को समर्थन मूल्य पर 141 लाख मीट्रिक टन धान का उपार्जन किया गया है। इस योजना का लाभ धान बेचने वाले सभी किसानों को मिलेगा।
यहां यह भी उल्लेखनीय है कि कृषक उन्नति योजना के तहत राज्य के किसानों को 35 हजार करोड़ रूपए से अधिक की मदद आदान सहायता के रूप में दी गई है। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी, कृषक उन्नति योजना एवं अन्य किसान हितैषी योजनाओं को मिलाकर राज्य के अन्नदाताओं को अब तक 1.50 लाख करोड़ रूपए से अधिक की राशि सीधे उनके बैंक खाते में अंतरित की गई है।



