आज की खबर

ओलिंपिक, एशियाड समेत अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं के लिए प्रदेश के खिलाड़ियों को 3 लाख रुपए तक मदद… सीएम साय ने बजट में रखवाए 50 करोड़

अगर छत्तीसगढ़ के किसी भी खिलाड़ी का ओलिंपिक-एशियाड के अलावा प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है, लेकिन वह पैसे की कमी के कारण नहीं जा पा रहा हो, तो अब ऐसा नहीं होगा। सीएम विष्णुदेव साय ने ऐसे सभी खिलाड़ियों की अधिकतम 3 लाख रुपए तक की मदद का प्रावधान करते हुए राज्य के बजट में 50 करोड़ रुपए अलग से रखवा दिए हैं। ऐसा इसलिए किया गया है क्योंकि अक्सर ऐसी बातें सामने आती हैं कि प्रदेश के किसी युवा का किसी अंतरराष्ट्रीयत स्पर्धा के लिए चयन हुआ, लेकिन वह इसलिए नहीं जा पाया क्योंकि पैसों का इंतजाम नहीं था। सीएम साय की ओर से ऐसी स्पर्धाओं में भाग लेने से पहले तैयारी के लिए खेलों के उपकरण के लिए अलग से फंड जारी करने का इंतजाम भी कर दिया गया है।

खेल एवं युवक कल्याण विभाग की संचालक ने बताया कि यह प्रावधान क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के तहत किया जाएगा। इसमें ओलंपिक खेल, विश्व कप, एशियाड या राष्ट्रमंडलीय खेलों को शामिल किया गया है। खिलाड़ियों को अपने चयन संबंधी पत्र और वास्तविक यात्रा टिकट आदि प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। इसी के आधार पर यात्रा व्यय की राशि की गणना की जा सकेगी। इसके लिए अनुदान के प्रकरणों पर प्रभारी मंत्री की अनुसंशा या अनुमोदन जरूरी होगा। इसके बाद बाकी कार्रवाई कलेक्टर करेंगे। खेल संचालक ने बताया कि योजना के लिए इस वित्तीय वर्ष में शासन ने 50 करोड़ का बजट रखा है। इसमें मुख्य रूप से 6 बिंदुओं को शामिल किया गया है। इनमें गांव से लेकर जिला मुख्यालय में खेल इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करना, खेल प्रतिभाओं की पहचान करना एवं खेल मैदानों का उन्नयन कर खेल उपकरण प्रदान करना, खेलों की क्लब संस्कृति को बढ़ावा देकर पंजीकृत समिति या क्लबों को स्पर्धाओं का आयोजन करने आर्थिक सहयोग देना तथा पारंपरिक खेलों को पुनर्जीवित करने बढ़ावा देना है। इसके अलावा स्टेडियम और इंडोर हॉल के निर्माण के लिए जिला कलेक्टर के प्रस्ताव पर खेल विभाग सक्षम होगा। इसमें 80 लाख तक की सीमा के प्रस्ताव की स्वीकृति विभाग से और 3 करोड़ तक के निर्माण संबंधी प्रस्तावों पर प्रशासकीय स्वीकृति लेनी होगी। संचालक, खेल एवं युवा कल्याण स्तर पर पंजीकृत खेल समिति या क्लब को 5 लाख तक आर्थिक सहायता व खेल उपकरण की स्वीकृति संचालनालय स्तर पर ही होगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button