छत्तीसगढ़ के जंगलों में गर्मी से आग शुरू… भोरमदेव इलाके की पहाड़ियों में जंगल धधका… यहां वन विभाग फ़िलहाल एबसेंट
छत्तीसगढ़ के ज्यादातर हिस्से में गर्मी 40 डिग्री तक पहुंच गई है और इसका असर भी नजर आने लगा है। जंगलों में आग शुरू हुई है और कहीं-कहीं यह फैल भी रही है। कवर्धा जिले के भोरमदेव रिजर्व फारेस्ट के एक पहाड़ पर फैले जंगल में आग के वीडियो फेसबुक पर वायरल हुए हैं। जो वी़डियो आया है, उसमें आग और धुआं तो नजर आ रहा है, लेकिन जिस वन विभाग की जिम्मेदारी आग पर काबू पाने की है, वह सीन से पूरी तरह गायब है। यहां तक कि रायपुर में एक वन अफसर ने इस बारे में पूछे जाने पर कहा- गर्मी में जंगल में आग लगती है। एक-दो दिन में कंट्रोल हो जाएगी।
बहरहाल, मुद्दा ये नहीं है कि वन विभाग की जिम्मेदारी है या प्रशासन की। मामला जंगल की आग का है। प्रदेश के अधिकांश जंगलों में इस मौसम में आग लगती है और कुछ एकड़ का जंगल झुलसाकर बुझ जाती है। लेकिन जब जंगल जलता है, तब इसका धुआं आसपास के गांवों में फैलता है और पर्यावरण को बेहद नुकसान पहुंचाता है। अभी भोरमदेव के पास जंगल में जो आग लगी है, उससे भयंकर धुआं निकल रहा है और आसपास के बड़े इलाके में फैल रहा है। संभवतः वन विभाग के पास इस आग की या तो सूचना नहीं है, या वह आग बुझाने में सक्षम नहीं है, संभवतः इसीलिए वहां अग्निशमन की कोई कोशिश नजर नहीं आ रही है।



