दोबारा अपराध करने की कोशिश भी की तो… रायगढ़ एसएसपी शशिमोहन की चेतावनी सोशल मीडिया पर वायरल
रायगढ़ के एसएसपी शशिमोहन सिंह ने गुंडे बदमाशों की परेड में अपराधियों को सीधी चेतावनी दी कि अपराध छोड़ दो, नहीं तो बहुत मुश्किलें खड़ी कर दूँगा। मुझे पता है कि तुम लोगों का क्या इतिहास है। एक बार मेरा इतिहास भी पता कर लेना। तुम सबको आसानी से पता चल जाएगा। अपराध किया तो समझ लो, ऐसी-तैसी कर दी जाएगी।
रायगढ़ एसएसपी शशिमोहन सिंह का बदमाशों को चेतावनी देने वाला यह वीडियो छत्तीसगढ़ में सोशल मीडिया पर गुरुवार रात तेजी से वायरल हुआ है। शशिमोहन सिंह डीआईजी हैं और जशपुर में एसएसपी थे। हाल में उन्होंने रायगढ़ एसएसपी की जिम्मेदारी संभाली है। रायपुर के पुलिस कमिश्नर डॉ संजीव शुक्ला, दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल, बिलासपुर एसएसपी विजय अग्रवाल, अंबिकापुर एसएसपी राजेश अग्रवाल और बिलासपुर एसपी रजनेश सिंह सहित शशिमोहन सिंह को फील्ड पर विजिबल पुलिसिंग में माहिर माना जाता है। इनमें में शशिमोहन बेहद अग्रेसिव पुलिसिंग के लिए जाने जाते हैं। वायरल वीडियो में वे बदमाशों को चिरपरिचित आक्रामक शैली में चेतावनी देते नज़र आ रहे हैं। वे अपराधियों को दो टूक कह रहे हैं कि सबके क्राइम रिकॉर्ड की पड़ताल कर रहे हैं, जिसके नतीजे कुछ दिन में नज़र आने लगेंगे।



