ईओडब्लू ने इतिहास में पहली बार कुर्क की 8 करोड़ की प्रॉपर्टी… शराब स्कैम में फंसी सौम्या चौरसिया की हैं ये 15 संपत्तियां… ईडी में पहले ही अटैच हैं 39 करोड़ की प्रॉपर्टी

छत्तीसगढ़ी की आर्थिक अपराध अन्वेषण विंग ने पहली बार प्रॉपर्टी की कुर्की भी शुरू कर दी है। शराब स्कैम में EOW ने पूर्व डिप्टी सेक्रेटरी सौम्या चौरसिया की 8 करोड़ रुपए की 15 प्रॉपर्टी आज मंगलवार को विशेष अदालत के आदेश के बाद अटैच कर दीं। ईओडब्लू की ओर से शुरू की गई कुर्की की इस खबर से प्रशासनिक और पुलिस महकमे में भी हलचल है।
सौम्या चौरसिया पर अवैध तरीके से 45 संपत्तियां खरीदने का आरोप है, जिनकी कुल कीमत करीब 47 करोड़ रुपये आंकी गई है। इससे पहले ED ने सौम्या की 29 प्रॉपर्टी कुर्क की थीं, जिनकी कीमत लगभग 39 करोड़ रुपए है। ईडी और अब ईओडब्लू के अनुसार सौम्या चौरसिया ने अपने रिश्तेदारों के नाम पर कई बेनामी संपत्तियां खरीदी थीं। EOW को जांच में पुख्ता साक्ष्य मिले हैं। इसी आधार पर 16 जून 2025 को अदालत में कुर्की आवेदन लगाया गया था।
EOW की ओर से की गई यह पहली कुर्की कार्रवाई है। बता दें की दोनों एजेंसियों ने सौम्या की 45 संपत्तियों पर कुर्की की है, जिनकी कीमत लगभग 47 करोड़ रुपये है। इन कुर्कियों को भ्रष्टाचार और बेनामी संपत्ति निवेश को लेकर चल रही सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक माना जा रहा है।